चेन्नई के व्यापारी वर्धमान जैन ने तिरुमाला मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलो सोने के गहने चढ़ाए, जिनकी कीमत 206 करोड़ रुपये है। जब वर्धमान जैन ने मंदिर में गहने चढ़ाए, तो वहां आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद थे। वर्धमान का मानना है कि उन्हें बिजनेस में जो सफलता मिली है, वह भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद से मिल पाई है। इसीलिए उन्होंने गहने चढ़ाकर भगवान का शुक्रिया अदा किया।
वर्धमान ने 26 नवंबर को मंदिर में गहने चढ़ाए, जिन्हें आज 27 नवंबर को भगवान वेंकटेश्वर को पहनाया जाएगा। वर्धमान ने कुल 46 गहने भगवान को चढ़ाए थे। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस चढ़ावे को भक्ति का प्रतीक बताया।
यह भी पढ़ें: मेडिकल चेकअप के बाद मिल रही शराब, MP में ठेके के बाहर बैठे डॉक्टर
कौन से गहने चढ़ाए?
वर्धमान ने बताया कि जो गहने भगवान को चढ़ाए गए हैं, वह भगवान के लिए ही डिजाइन किए गए थे। उन्होंने भगवान के माथे का मुकुट, गले का हार, पायल, कंधे के गहने, कमर का पट्टा, शंख और चक्र के गहने चढ़ाए थे। वर्धमान ने भगवान वेंकटेश्वर के लिए 106 किलो के गहने और देवी पद्मावती के लिए 15 किलो का कपड़ा चढ़ाया। इसके साथ ही देवी को कीमती गहने चढ़ाए, जिनमें 238 कैरेट के हीरे भी जड़े हुए थे। वर्धमान जैन द्वारा चढ़ाए गए गहनों को आज मंदिर में पूरे रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान की मूर्ति पर पहनाया जाएगा।
क्या बोले CM एन. चंद्रबाबू नायडू?
इस चढ़ावे को लेकर एन. चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि 121 किलो के सोने के गहने चढ़ाना सिर्फ एक दान नहीं है, बल्कि यह भगवान वेंकटेश्वर के प्रति भक्त की आस्था का प्रतीक है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि 46 गहनों की कीमत भले ही करोड़ों में है लेकिन इसके पीछे छिपी भक्ति की कोई कीमत नहीं है।
यह भी पढ़ें: बिहार पुलिस ने घेरकर दबोचे 8 अपराधी, हथियार और विदेशी शराब हुआ बरामद
कौन हैं वर्धमान जैन?
वर्धमान जैन एक्सेस हेल्थकेयर के फाउंडर और वाइस चेयरमैन हैं। उन्होंने अपने व्यापार की शुरुआत 1997 में की थी, जब उन्होंने अनुराग जैन के साथ मिलकर विजन हेल्थसोर्स की स्थापना की थी। इसके कुछ सालों बाद उन्होंने एक्सेस हेल्थकेयर की शुरुआत की, जिसे इंटरनेशनल हेल्थकेयर और आउटसोर्सिंग कंपनी के तौर पर देखा जाता है। यह कंपनी हेल्थकेयर को और मजबूत बनाने के लिए मशीन लर्निंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों पर ध्यान देती है।
वर्धमान की पढ़ाई की बात करें, तो उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज में स्टैटिस्टिक्स की पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने ऑस्टिन में टेक्सास यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में पोस्टग्रेजुएशन किया था।
