लद्दाख में इन दिनों 17 साल के मिफाम की चर्चा हो रही है। मिफाम के पिता हवलदार त्सेवांग थारचिन ने 1999 के कारगिल युद्ध में हिस्सा लिया था। सितंबर 2025 में लेह में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी में उनकी मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद से ही मिफाम परिवार के साथ न्याय की मांग कर रहा है। वह जानना चाहता है कि उसके पिता को गोली किन परिस्थितियों में लगी और गोली चलाने का आदेश किसने दिया था। मिफाम का कहना है कि घटना को एक साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन परिवार को अब तक न्यायिक जांच रिपोर्ट नहीं सौंपी गई है। वह इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग कर रहा है, ताकि पिता की मौत की वजह और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के बारे में पता चल सके।
मिफाम का मामला तब सुर्खियों में आया, जब उसने अपने यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर आत्मदाह करने की धमकी दी। उसने कहा कि अगर उसके पिता की मौत के मामले में न्याय नहीं मिला तो वह लेह में बीजेपी कार्यालय के बाहर खुद को आग के हवाले करेगा। इसके बाद लद्दाख पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। पुलिस का कहना है कि मिफाम इमोशनल डिस्ट्रेस से गुजर रहा है और उसे मेडिकल जांच के साथ काउंसलिंग की जरूरत है। वहीं, सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया कि प्रशासन उसे मानसिक अस्पताल भेजना चाहता है। इस बीच मिफाम और उसकी मां के कुछ समय तक लापता रहने की खबर भी सामने आई। हालांकि, 14 नवंबर को पुलिस ने दोनों के सुरक्षित होने की पुष्टि की।
कौन है मिफाम?
मिफाम लद्दाख का रहने वाला 17 साल का लड़का है। उसके पिता हवलदार त्सेवांग थारचिन भारतीय सेना में थे और उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में हिस्सा लिया था। 24 सितंबर 2025 को लेह में लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने गोलीबारी की। इस घटना में चार लोगों की मौत हुई थी। इनमें हवलदार त्सेवांग थारचिन भी शामिल थे। कई लोग घायल भी हुए थे। पिता की मौत के बाद से मिफाम का परिवार जवाब मांग रहा है। परिवार जानना चाहता है कि गोली किसने चलाई थी और इसका आदेश किसने दिया था।
मिफाम ने आत्मदाह की धमकी क्यों दी?
8 नवंबर 2026 को मिफाम ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उसने कहा कि अगर उसके पिता की मौत के मामले में न्याय नहीं मिला तो वह लेह में बीजेपी कार्यालय के बाहर आत्मदाह कर लेगा। इसके बाद 12 नवंबर को उसने एक और वीडियो जारी किया। इसमें उसने बताया कि उसके पिता ने 1999 में कारगिल युद्ध लड़ा था, लेकिन उनकी मौत के बाद परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला।
मिफाम ने सवाल उठाया कि उसके पिता को किसने गोली मारी और गोली चलाने का आदेश किसने दिया था। वह सितंबर 2025 की घटना की न्यायिक जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग कर रहा है।
पुलिस मिफाम को क्यों तलाश रही थी?
आत्मदाह की धमकी वाला वीडियो सामने आने के बाद लद्दाख पुलिस ने मिफाम की तलाश शुरू की। पुलिस ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर लोगों से उसके बारे में जानकारी देने की अपील की। पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को लेह के एनडीएस मेमोरियल पार्क में डॉक्टरों ने मिफाम की मेडिकल जांच की थी। डॉक्टरों ने बताया कि वह इमोशनल डिस्ट्रेस से परेशान है। पुलिस का कहना था कि उसे अस्पताल में पूरी मेडिकल जांच और चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के जरिए काउंसलिंग की जरूरत है। पुलिस ने कहा कि वह मिफाम की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। उसका मकसद उसे किसी भी तरह के नुकसान से बचाना है।
यह भी पढ़ें: CJP के सौरव दास से कनेक्शन पर क्या बोले सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज संजय किशन कौल?
सोनम वांगचुक ने क्या आरोप लगाए?
इस मामले में जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आरोप लगाया कि लद्दाख प्रशासन न्यायिक जांच रिपोर्ट मांगने वाले 17 साल के लड़के को मानसिक अस्पताल भेजना चाहता है। वांगचुक ने सवाल उठाया कि सरकार जांच रिपोर्ट जारी नहीं कर रही है, लेकिन हिल काउंसिल के चुनाव कराने में तेजी दिखा रही है। उन्होंने लोगों से मिफाम के परिवार की न्याय की मांग का समर्थन करने की अपील की।
यह भी पढ़ें: 'मैं CJP का साझेदार नहीं हूं', ऐसा क्यों बोले यूट्यूबर ध्रुव राठी?
जांच का हाल, समझिए?
24 सितंबर 2025 को लेह में हुई हिंसा और पुलिस की कार्रवाई की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 17 अक्टूबर 2025 को एक न्यायिक जांच आयोग बनाया था। इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस बीएस चौहान कर रहे हैं। आयोग को तीन मुख्य सवालों की जांच करनी थी। इसमें यह पता लगाना था कि लेह में कानून-व्यवस्था की स्थिति कैसे बिगड़ी, पुलिस ने किन हालात में कार्रवाई की और गोलीबारी में चार लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
