केरल में स्पा सेंटरों की आड़ में अवैध कारोबार की शिकायतों पर  कार्रवाई शुरू की गई है। केरल के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा है कि इसे  ऑपरेशन स्पा नाम दिया गया है। इस अभियान के तहत कानून का उल्लंघन करने वाले स्पा को तुरंत बंद कर दिया जाएगा। केरल पुलिस की यह कार्रवाई हाल ही में कोच्चि और कोवलम के स्पा से आई यौन उत्पीड़न की शिकायतों के बाद शुरू की है। खुद रमेश चेन्निथला का कहना है कि कई स्पा बिना कानूनी प्रक्रिया के ही खोले जा रहे हैं। उनका कहना है कि यह भी साफ नहीं है कि इन स्पा में क्या गतिविधियां हो रही हैं।

 

गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने सोमवार को कहा कि अवैध रूप से चल रहे स्पा के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऐसी जगहों पर बड़े पैमाने पर महिलाओं के शोषण और पैसों की धोखाधड़ी की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन स्पा' के तहत पुलिस पिछले तीन-चार दिन से पूरे केरल में छापेमारी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो स्पा कानूनी नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन्हें बंद कर दिया जाएगा।

क्यों शुरू हुआ ऑपरेशन स्पा?

हाल में तिरुवनंतपुरम के कोवलम में एक स्पा के अंदर नाबालिग के यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य घटना कोच्चि के एक स्पा की है। वहां नौकरी देने का झांसा देकर एक महिला से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।

 

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे, फायरिंग केस में अब तक क्या-क्या हुआ?

 

इन घटनाओं के बाद, 'केरल में दुकान एवं प्रतिष्ठान अधिनियम के तहत सही कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना स्पा खोले जा रहे हैं। इस बारे में बहुत कम साफ जानकारी है कि इन्हें कौन शुरू कर रहा है। यह भी साफ नहीं है कि वहां क्या गतिविधियां हो रही हैं। सरकार इस क्षेत्र को नियम के दायरे में लाने के लिए कानून बनाने पर गंभीरता से विचार कर रही है।' उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के कई हिस्सों से शिकायतें मिली हैं। इनमें कहा गया है कि इन प्रतिष्ठानों में महिलाओं का शोषण हो रहा है। परिवारों का फायदा उठाया जा रहा है और लोगों से धोखाधड़ी की जा रही है।

 

उन्होंने आगे कहा, 'केरल के भीतर और बाहर से महिलाओं को लाकर इन प्रतिष्ठानों में काम पर रखा जा रहा है। उनका शोषण किया जा रहा है। इस तरह की कई शिकायतें सामने आ रही हैं। इस क्षेत्र में यौन शोषण बड़ी चिंता बनकर उभरा है।'

किस तरह के हैं आरोप?

रमेश चेन्निथला ने कहा कि कई स्पा बिना लाइसेंस और बिना जवाबदेही के चल रहे हैं। साथ ही, कुछ पर ग्राहकों से धोखाधड़ी कर पैसे वसूलने के आरोप हैं। उन्होंने कहा, 'ऐसे स्पा तुरंत बंद किए जाने चाहिए। केरल में उन्हें चलने देने का कोई सवाल ही नहीं है। इन्हें चलाने वालों को ऐसी गतिविधियां बंद करनी होंगी। नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'केरल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने बताया कि पुलिस पहले ही छापेमारी कर चुकी है। मामले भी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें: इंदौर: गरबा कार्यक्रम में BJP नेता की बदसलूकी, नाबालिग को धक्का दिया, केस दर्ज

 

उन्होंने माना कि कुछ स्पा सही तरीके से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि शोषण और धोखाधड़ी रोकने के लिए सख्त कानूनी कदम जरूरी हैं।