उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के चंदपा कोतवाली में गुरुवार देर रात एक युवक ने शौचालय के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह युवक एक नाबालिग लड़की की किडनैपिंग के केस में पुलिस की हिरासत में लिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को सस्पेंड कर दिया है और उनके खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है।

 

घटना की शुरुआत चंदपा थाना क्षेत्र से हुई थी, जहां एक 16 साल की नाबालिग किशोरी 15 अप्रैल को अचानक लापता हो गई थी। किशोरी के परिजन ने काफी तलाश की, जिसके बाद किशोरी के पिता ने 18 अप्रैल को थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गाजियाबाद के लोनी का रहने वाला 28 वर्षीय चंद्रपाल उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस लगातार नाबालिग के खोजबीन में लगी थी। आखिरकार 23 अप्रैल को पुलिस टीम ने गाजियाबाद के लोनी इलाके से किशोरी को सुरक्षित वापस ले आए और आरोपी चंद्रपाल को हिरासत में लेकर चंदपा थाने वापस आ गई। किशोरी को सुरक्षित रखने के लिए वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया था।

 

यह भी पढ़ें: हनीट्रैप को रेप बनाने की साजिश? आरोपी डॉक्टर को कोर्ट ने दी अग्रिम जमानत

थाने के अंदर सुसाइड की घटना

पुलिस चंद्रपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ और आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए चंदपा कोतवाली आई थी। गुरुवार की देर रात चंद्रपाल ने थाने के शौचालय जाने की बात कही और वहां चला गया। जब वह काफी समय तक शौचालय से वापस बाहर नहीं आया, तब वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने अंदर जाकर देखा तो पाया कि युवक ने फांसी लगा ली है। पुलिस टीम उसे तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

 

यह भी पढ़ें: फ्लोर टेस्ट से पहले खिले NDA के चेहरे, विजय चौधरी बोले, 'हमारी जीत तय है'

पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज

इस घटना के बाद एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने लापरवाही करने के आरोप में कोतवाली प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। इन दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। मामले की  जांच के लिए थाने के सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित कर लिया गया है और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन इस मामले की बारीकी से जांच कर रहा है।