दुनिया की सबसे लोकप्रिय सोशल मीडिया सेवाओं में शामिल फेसबुक, इंस्टाग्राम और मैसेंजर में गुरुवार को आई तकनीकी गड़बड़ी ने लाखों यूजर्स को परेशान कर दिया। कई देशों के यूजर्स ने शिकायत की कि उनके फेसबुक अकाउंट अचानक लॉगआउट हो गए और दोबारा लॉगिन करने की कोशिश करने पर लगातार एरर मैसेज दिखाई देने लगे। इस दौरान कई लोगों को 'Query Error', 'Something Went Wrong' और 'An Unexpected Error Occurred' जैसे संदेश नजर आए।
समस्या सामने आने के बाद सोशल मीडिया और आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइटों पर शिकायतों की बाढ़ आ गई। भारत समेत अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और फिलीपींस जैसे देशों के यूजर्स ने भी सेवाओं में रुकावट की जानकारी शेयर की। हालांकि कुछ समय बाद कई क्षेत्रों में सेवाएं सामान्य होने लगीं लेकिन बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित रहे।
यह भी पढ़ें: अब स्मार्टफोन से कर पाएंगे रोबोट को कंट्रोल, जॉर्जिया के कोबाल्ट ऐप ने किया कमाल
दुनियाभर में बढ़ीं शिकायतें
तकनीकी खराबी की शुरुआत गुरुवार सुबह हुई और कुछ ही घंटों में यह वैश्विक समस्या बन गई। आउटेज मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म्स पर हजारों शिकायतें दर्ज की गईं। कई यूजर्स अपने अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे थे, जबकि कुछ लोगों को बार-बार लॉगिन करने के बावजूद सफलता नहीं मिल रही थी। इस दौरान 'Facebook Down' जैसे कीवर्ड भी कई देशों में ट्रेंड करने लगे।
हालांकि सबसे ज्यादा परेशानी फेसबुक यूजर्स को हुई लेकिन मेटा (Meta) के अन्य प्लेटफॉर्म भी इससे प्रभावित नजर आए। कई लोगों ने इंस्टाग्राम वेबसाइट पर तकनीकी गड़बड़ियों की शिकायत की। वहीं कुछ यूजर्स को व्हाट्सऐप के डेस्कटॉप संस्करण पर लॉगिन और कनेक्टिविटी संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि मोबाइल ऐप्स पर अधिकांश सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
यह भी पढ़ें: रील देखने और WhatsApp चलाने के लिए भी देने होंगे पैसे, पेड प्लान में क्या है?
मेटा की ओर से नहीं आया तत्काल बयान
घटना के बाद मेटा की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया। कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि समस्या किस वजह से हुई या इसे पूरी तरह ठीक करने में कितना समय लगेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि मेटा के प्लेटफॉर्म पर आने वाली इस तरह की तकनीकी गड़बड़ियां करोड़ों यूजर्स को प्रभावित करती हैं, क्योंकि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप का इस्तेमाल दुनिया भर में बड़े पैमाने पर किया जाता है।
