दिल्ली-NCR से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए दो लोकल ट्रेनों के रूट का अस्थायी विस्तार किया है। अब शकूर बस्ती-पलवल EMU मथुरा जंक्शन तक और नई दिल्ली-पलवल-गाजियाबाद ट्रेन कोसीकलां तक चलेगी। यह बदलाव 31 अक्तूबर 2026 तक लागू रहेगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 64016/64019 (शकूर बस्ती-पलवल-शकूर बस्ती EMU) का विस्तार मथुरा जंक्शन तक किया गया है। वहीं, ट्रेन नंबर 64082/64051 (नई दिल्ली-पलवल-गाजियाबाद) अब कोसीकलां तक जाएगी। रेलवे के इस फैसले से दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच रोजाना आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: टिकट से जितनी कमाई उससे दोगुना ज्यादा है खर्च, फिर कैसे चलता है भारतीय रेलवे?
शकूर बस्ती-मथुरा EMU का नया समय
ट्रेन नंबर 64016 शकूर बस्ती से दोपहर 2:30 बजे रवाना होकर शाम 4:45 बजे पलवल पहुंचेगी। इसके बाद यह रुंधी, शोलाका, बंचारी, होडल, कोसीकलां, छाता, अजहाई, वृंदावन रोड और भूतश्वर होते हुए शाम 7:15 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 64019 मथुरा जंक्शन से शाम 7:45 बजे चलेगी और रात 12:45 बजे शकूर बस्ती पहुंचेगी। शकूर बस्ती से पलवल के बीच ट्रेन के मौजूदा समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दिल्ली-कोसीकलां ट्रेन भी चलेगी
ट्रेन नंबर 64082 नई दिल्ली से शाम 6 बजे रवाना होकर पलवल के रास्ते रात 9 बजे कोसीकलां पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 64051 कोसीकलां से रात 9:45 बजे रवाना होगी और रुंधी, पलवल तथा नई दिल्ली होते हुए रात 1:40 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। रेलवे के मुताबिक, नई दिल्ली और पलवल के बीच इन ट्रेनों के मौजूदा समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: आपदा आई, राज्य मांगते भी रहे लेकिन नहीं मिले पैसे, NDRF पर CAG का बड़ा दावा
रेलवे ने बताया कि दोनों ट्रेनों का रूट विस्तार फिलहाल 31 अक्टूबर 2026 तक अस्थायी रूप से लागू रहेगा। यात्रियों को नए ठहराव और समय की जानकारी के लिए रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करने या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है।
