ट्रेन में आरएसी टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। अब एसी कोच में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को भी पूरी बेडरोल किट मिलेगी। पहले कई बार दो आरएसी यात्रियों को एक ही कंबल या अधूरी बेडरोल किट दी जाती थी जिससे उन्हें सफर के दौरान परेशानी होती थी। यात्रियों की लगातार शिकायतों के बाद रेलवे बोर्ड ने इस व्यवस्था में बदलाव करने का फैसला लिया है। 

 

रेलवे के नए निर्देश के मुताबिक, आरएसी टिकट पर यात्रा करने वाले हर यात्री को अलग से पूरी बेडरोल किट दी जाएगी। इसमें बेडशीट, कंबल, तकिया और तौलिया जैसी जरूरी चीजें शामिल होंगी। यानी अब आरएसी टिकट वाले यात्रियों को किसी दूसरे यात्री के साथ कंबल या तकिया शेयर नहीं करना पड़ेगा। पहले कई ट्रेनों में बेडरोल भी एक ही दी जाती थी जिसे लेकर यात्रियों में नाराजगी रहती थी। खासकर रात की लंबी यात्रा में यह परेशानी और बढ़ जाती थी।

 

यह भी पढ़ें: मुफ्त में डाउनलोड करें e-PAN, आधार और मोबाइल नंबर से मिनटों में मिलेगा कार्ड

शिकायतों के बाद रेलवे ने बदली व्यवस्था

हाल ही में रेलवे को इस तरह की कई शिकायतें मिली थी। एक मामलें में आरएसी यात्री को दूसरे यात्री के साथ कंबल शेयर करना पड़ा था। यह मामला उपभोक्ता आयोग तक पहुंचा, जहां रेलवे की व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। आयोग ने इसे यात्रियों को मिलने वाली सेवा में कमी माना और रेलवे को मुआवजा देने का आदेश भी दिया। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने इस पूरे मामले की जांच की और नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया।

 

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा उनकी प्राथमिकता है। इसी वजह से सभी जोनल रेलवे को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आरएसी टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को भी कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों की तरह पूरी बेडरोल किट दी जाए।

 

यह भी पढ़ें: घर के पानी की क्वालिटी फ्री में कैसे टेस्ट कराएं? जानिए सरकारी लैब का पूरा तरीका

किन यात्रियों को मिलेगा फायदा?

यह नई व्यवस्था एसी चेयर कार (CC) को छोड़कर बाकी सभी एसी कोच पर लागू होगी। यानी फर्स्ट एसी (1A), सेकंड एसी (2A), थर्ड एसी (3A), थर्ड एसी इकोनॉमी और एसी स्पीलर जैसी सेवाओं में आरएसी टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। रेलवे को उम्मीद है कि इस फैसले से आरएसी यात्रियों को लंबे समय से चली आ रही शिकायतें काफी हद तक खत्म हो जाएंगी। अब उन्हें सफर के दौरान बेडरोल को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और पहले के मुकाबले उनका सफर आरामदायक होगा।