उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने शादी के जश्न में होने वाले शोर-शराबे और उसके घातक परिणामों पर नई बहस छेड़ दी है। बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में एक शादी की बारात में बज रहे तेज DJ की आवाज कथित तौर पर 140 मुर्गियों के लिए जानलेवा साबित हुई। पीड़ित पोल्ट्री फार्म मालिक ने इस आर्थिक नुकसान के लिए DJ के शोर को जिम्मेदार ठहराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
यह घटना 25 अप्रैल 2026 की रात की है। जानकारी के मुताबिक, कुदवार इलाके से आई एक बारात दरियापुर गांव से गुजर रही थी, जिसमें शामिल DJ सिस्टम पर कान फाड़ देने वाले संगीत का शोर मचा हुआ था। बारात जैसे ही सड़क किनारे स्थित साबिर अली के मुर्गी फार्म के सामने पहुंची, वहां मौजूद मुर्गियां घबरा गईं। शोर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मुर्गियां दहशत में आ गईं और देखते ही देखते 140 मुर्गियों ने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: 'स्कूल तोड़ दूंगा..', बच्चे ने दी टीचर को धमकी, वीडियो हुआ वायरल
फार्म मालिक साबिर अली का आरोप है कि रात करीब 9:30 बजे जब DJ उनके फार्म के पास पहुंचा, तो उसकी बेस और तेज आवाज ने मुर्गियों को बुरी तरह डरा दिया। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा कि आवाज की तीव्रता ने मुर्गियों को इस कदर सहमा दिया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। विशेषज्ञों का भी मानना है कि बहुत तेज आवाज पक्षियों में अचानक तनाव और हार्ट अटैक जैसी स्थिति पैदा कर सकती है।
DJ ऑपरेटर के खिलाफ FIR दर्ज
साबिर अली की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बल्दीराय पुलिस ने DJ ऑपरेटर कवि यादव के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। ऑपरेटर पर सार्वजनिक उपद्रव और पशुओं को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस तकनीकी पहलू की जांच कर रही है कि क्या DJ की साउंड लिमिट से ज्यादा थी या मुर्गियों की मौत का कोई और कारण था।
यह भी पढ़ें: 'मैं तो बस पॉटी करने गया था...', वीडियो वायरल हुआ, अब पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
फिलहाल, इस मामले में DJ ऑपरेटर या बारात पक्ष की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना के बाद ग्रामीण इलाकों में शादी-ब्याह में तेज आवाज में DJ बजाने को लेकर बहस छिड़ गई है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां लोगों की आजीविका पशुपालन पर निर्भर है।
