चीन के हांगझोऊ में अब इंसान नहीं बल्कि रोबोट आपकी सेहत तय कर रहे हैं, जहां यह 'लोहे का वेटर' आपकी जीभ और चेहरा स्कैन करके खाने की सबसे बेहतरीन सलाह देता है। यह एआई सिस्टम न सिर्फ खाना परोसता है, बल्कि ग्राहक के डाइजेशन और मूड का बारीकी से जांच करके यह भी बताता है कि उनके लिए 'थ्री कप चिकन' अच्छा रहेगा या 'सूप नूडल्स'।
यह रोबोटिक उस्ताद सिर्फ सलाह देने या खाना परोसने तक सीमित नहीं है, बल्कि किचन के अंदर एक मंझे हुए शेफ की तरह काम करता है। इसे 100 से अधिक लजीज व्यंजन बनाने की महारत हासिल है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह रोबोट बिल्कुल इंसानी शेफ की नकल करता है जैसे कड़ाही को खास अंदाज में घुमाना या जरूरत के मुताबिक, आंच को कम-ज्यादा करना। यही वजह है कि इसके हाथ के स्वाद और इंसान के बनाए खाने में कोई फर्क नहीं पता चलता।
यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान में बाइक सवार बंदूकधारियों ने की गोलीबारी, 2 की मौत
एआई हेल्थ चेकअप
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह रोबोट सिर्फ खाना ही नहीं सजेस्ट करता, बल्कि ग्राहक की लाइफस्टाइल और उनकी भावनाओं का पूरा जांच कर देता है। जब कोई कस्टमर इसके सामने आता है, तो यह कुछ सीधे-सपाट सवाल पूछता है और फिर एआई के जरिए यह जांचता है कि मौसम और आपकी सेहत के लिहाज से कौन सा निवाला आपके लिए फायदेमंद होगा। इस करिश्मे को देखकर वहां आने वाले 70 साल के बुजुर्ग भी दंग रह जाते हैं।
60% स्टाफ की कटौती
इन रोबोटिक कर्मचारियों के आने से रेस्टोरेंट मालिकों की चांदी हो गई है क्योंकि इंसानी वर्कफोर्स में 60% तक की कमी आई है। इसका सीधा फायदा ग्राहकों की जेब को मिल रहा है क्योंकि लागत कम होने से खाने की कीमतें गिर गई हैं। पहले जिस एक वक्त के खाने के लिए 20 युआन खर्च करने पड़ते थे, अब वही जायका और सेहतमंद खाना मात्र 15 युआन में उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें: 'अमीरों की दुनिया में मैं तन्हा थी', एलन मस्क से रिश्ता तोड़ने वाली बेटी का दर्द
टेक्नॉलजी और सेहत का बेहतरीन संगम
कुल मिलाकर तकनीक अब आपकी थाली के बेहद करीब पहुंच चुकी है। ये रोबोट न सिर्फ समय की बचत कर रहे हैं, बल्कि एक 'हकीम' यानी डॉक्टर का रोल निभाते हुए आपकी सेहत का भी ख्याल रख रहे हैं। यह उन लोगों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है जो कम खर्च में हल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं। आने वाले वक्त में अगर आपका वेटर आपको तला-भुना खाने से टोक दे, तो अब हैरान होने की जरूरत नहीं है।
