प्रयागराज आ रहे आशुतोष महाराज ब्रह्मचारी पर रीवा एक्सप्रेस के एच-1 कोच में जानलेवा हमला हुआ है। हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से वार किया, जिससे वे बुरी तरह लहूलुहान हो गए। खुद को बचाने के लिए उन्होंने ट्रेन के टॉयलेट में छिपकर अपनी जान बचाई। आशुतोष महाराज ने इस हमले के पीछे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और कुछ अज्ञात लोगों का हाथ होने का शक जताया है और प्रयागराज जंक्शन के जीआरपी थाने में अपनी तहरीर दे दी है।

 

आशुतोष महाराज ब्रह्मचारी हाल ही में तब चर्चा में आए थे जब उन्होंने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। इस हाई-प्रोफाइल विवाद के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच काफी तनाव बना हुआ था। आशुतोष महाराज का आरोप है कि इसी कानूनी लड़ाई और रंजिश के कारण उन पर यह जानलेवा हमला किया गया है ताकि उन्हें डराया जा सके।

 

यह भी पढ़ें: अनुराग डोभाल के वायरल वीडियो पर भाई कलम इंक ने दिया जवाब?

कोर्ट की बड़ी सुनवाई के लिए आ रहे थे शहर

यह हमला उस समय हुआ जब आशुतोष महाराज मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े केस की पैरवी के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट आ रहे थे। जिसकी सुनवाई 12 मार्च को होनी है। इसके साथ ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर लगे यौन शोषण के आरोपों के मामले में भी हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया जाना है। इन्हीं दोनों महत्वपूर्ण कानूनी मामलों की पैरवी के लिए वे ट्रेन से सफर कर रहे थे।

 

हमलावरों ने आशुतोष महाराज की नाक और शरीर के कई हिस्सों पर वार किया, जिससे उन्हें काफी चोटें आई हैं। घायल अवस्था में प्रयागराज पहुंचने के बाद उन्हें तुरंत शहर के कॉल्विन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है, लेकिन चलती ट्रेन के वीआईपी कोच में हुए इस हमले ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

यह भी पढ़ें: स्कूल में बच्चों से मसाज करा रहीं थी 'मैडम', वायरल वीडियो पर हुईं सस्पेंड

पुलिस की कार्रवाई

जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कोच में मौजूद बाकी यात्रियों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हाई-प्रोफाइल मामलों और शंकराचार्य से जुड़े विवाद के कारण पुलिस इस हमले को बेहद गंभीरता से ले रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।