बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारी में जब केंद्र की सुरक्षा बलों की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं, ठीक उसी समय बीरभूम जिले में एक नया विवाद सामने आ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें केंद्रीय बल के तीन जवान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थानीय पार्टी कार्यालय में कैरम खेलते दिख रहे हैं। वीडियो में जवान केंद्रीय बल की वर्दी में हैं और स्थानीय युवकों के साथ खेल रहे हैं। विपक्षी दलों ने दावा किया कि ये युवक टीएमसी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं।


चुनाव आयोग ने इस घटना को गंभीरता से लिया। वीडियो की प्राथमिक जांच के बाद तीनों जवानों को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया। आयोग ने साफ कहा कि ये तीन जवान अब 2026 के बंगाल चुनाव में किसी भी ड्यूटी पर नहीं लगाए जाएंगे। यह घटना बीरभूम जिले के सीउड़ी में हुई। वीडियो में जवान कैरम खेलते हुए दिख रहे हैं, जबकि बाकी लोग उनके आसपास बैठे या खड़े हैं।

 

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में BJP की दूसरी लिस्ट जारी, निशीथ प्रमाणिक भी बने उम्मीदवार

पहले भी हुआ था विवाद

कुछ दिन पहले मुर्शिदाबाद जिले के निमतिता इलाके में भी एक विवाद हुआ था। वहां सात बीएसएफ जवान एक टीएमसी नेता के इफ्तार पार्टी में शामिल हुए थे। चुनाव आयोग ने उस मामले में भी सख्त कदम उठाए थे। अब उस घटना के बाद इस घटना ने एक बार फिर से बवाल को जन्म दे दिया है।

आचार संहिता लागू

अभी बंगाल में आदर्श आचार संहिता लागू है। चुनाव आयोग पूरे राज्य में साफ-सुथरा और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए हर बूथ पर केंद्रीय बल तैनात कर रहा है। ऐसे में ड्यूटी पर तैनात जवान अगर सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यालय में घुसकर खेलते हुए देखे जाते हैं, तो यह सुरक्षा बलों की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

 

आयोग का कहना है कि यह बच्चों जैसा अनुशासनहीन व्यवहार है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह गलती जवानों की सर्विस रिकॉर्ड पर असर डाल सकती है। आयोग ने का कहना है कि किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में पहली लिस्ट में कांग्रेस के 284 प्रत्याशियों का ऐलान

चुनाव कब हैं?

बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों की घोषणा हो गई है। 294 सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान  23 अप्रैल 2026 को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद वोटों की गिनती 4 मई 2026 को होगी।

(नोट- खबरगांव इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।)