मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की अजनार नदी को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बिट्टू तबाही उर्फ सुरेंद्र सिंह चौधरी ने कुछ महीने पहले अकेला साफ किया था। नदी को साफ करने के बाद उन्होंने काफी सुर्खिया बटोरी थी और लोगों ने उनके उस मुहीम की काफी तारीफ की थी। ठीक 8 महीने के बाद जब वह नदी का हाल देखने के लिए वापस आए तो उन्हें बहुत गहरा झटका लगा। नदी और उसके आसपास की जगहों में फिर से कचरा जमा हो गया था। अपनी मेहनत को बर्बाद होते देख उन्हें बहुत निराशा हुई और फिर से नदी को साफ करने लगे।

 

उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर कर वहां का हाल दिखाया। फिर से नदीं को साफ करने के लिए सोशल मीडिया पर कई लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं। साथ ही कचरा फैलाने वाले लोगों की समझ पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: फैंस ने भेजा करोड़ों का सामान, लेकिन CoD, घर छोड़कर भागा इन्फ्लुंएसर

लोगों ने बताया हीरो

बिट्टू के शेयर किए गए वीडियो पर कई यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं। लोग इस बात से दुखी है कि महीनों की मेहनत के बावजूद लोगों ने नदी को फिर से गंदा कर दिया। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'यह बहुत दुखद है। आप हमारे असली हीरो हैं। आपको और हिम्मत मिले।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'कुछ लोगों में सफाई और नागरिक जिम्मेदारी की कमी के कारण यह स्थिति पैदा होती है।'

 

अपनी सफाई अभियान का वीडियो शेयर करने के साथ ही बिट्टू ने लोगों से यह सुझाव भी मांगा है कि इस तरह के कचरे को अधिक प्रभावी और पक्के तरीके से कैसे हटाया जा सकता है। वह लगातार अपने इस सफाई अभियान के वीडियो बनाकर लोगों को जागरूक करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'हिंदुओं से खरीदो बिरयानी', बंगाल में दुर्गा पंडालों के बाहर पोस्टर, बरपा हंगामा

कई शहरों में चला चुके हैं अभियान

बिट्टू तबाही, इससे पहले भी कई जगहों पर बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चला चुके हैं। हाल ही में सितंबर के महीने में उन्होंने और उनकी टीम ने दिल्ली में यमुना नदी के तट से लगभग 585 किलो कचरा हटाया था। इसके बाद उन्होंने गुरुग्राम के खेड़की दौला इलाके में अभियान चलाकर 2,435 किलो कचरा साफ किया था। उनका यह प्रयास तीन शहरों दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में चलाए गए सफाई अभियान का हिस्सा था। बिट्टू की इस मुहिम की तारीफ महिंद्रा के मालिक आनंद महिंद्रा भी कर चुके हैं।