सोशल मीडिया पर अरुणाचल प्रदेश के एक युवक की वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मच गया है। अरुणाचल प्रदेश के ताबा नागु नाम के एक लड़के ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया है। इ वीडियो में वह दावा कर रहा है कि जल्द ही पूरा अरुणाचल प्रदेश चीन में मिल जाएगा। उसने अपने वीडियो में भारत सरकार की इस मामले पर निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। 

 

वायरल हो रहे वीडियो में युवक ने कटाक्ष करते हुए कहा है, 'गुड बाय इंडिया, बहुत जल्द आप लोग मुझे चीन में देखेंगे, सिर्फ मुझे ही नहीं पूरा अरुणाचल चीन में दिखेगा।' उन्होंने दावा किया कि चीन धीरे-धीरे अरुणाचल प्रदेश में घुस रहा है और जमीन कब्जा कर रहा है। उनके इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। 

 

यह भी पढ़ें: NALSAR ने CJI सूर्यकांत को बनाया चीफ गेस्ट, छात्रों का डिग्री लेने से इनकार

 

सरकार पर उठाए सवाल 

ताबा नागु ने सोशल मीडिया पर जारी अपनी वीडियो में सरकार पर कटाक्ष किया है और सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'यहां के लोग सरकार को बोल रहे हैं कि एक्शन लो लेकिन सरकार कुछ एक्शन नहीं ले रही। बस झूठ की बातें कर रही। अगर ऐसा ही चलता रहा तो बहुत जल्द चीन अरुणाचल पर कब्जा कर लेगा और हम सब अरुणाचल के लोग आपको चीन में मिलेंगे। इसलिए मैंने एडवांस गुडबाय बोला है। अब सरकार कोई एक्शन नहीं  ले रही है और हम भी कुछ नहीं कर सकते। अब चीन के साथ ही जाना पड़ेगा। मिलते हैं चीन में इन फ्यूचर।'

सोशल मीडिया से हटा वीडियो

ताबा नागु की इस वीडियो को कुछ ही समय में उनके सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया गया। हालांकि, तब तक उनकी वीडियो वायरल हो चुकी थी। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक स्क्रीनशॉट शेयर किया है जिसमें उनको आई एक ईमेल दिखाई गई है। मैसेज में लिखा है कि आपका आधिकारिक तौर पर चेतावनी दी जाती है कि बिना वेरिफिकेशन के कंटेट नहीं डील सकते और इस तरह के भ्रामक कंटेट के चलते आप पर लीगल एक्शन लिया जा सकता है। इस मेल में वीडियो डिलीट करने के लिए कहा गया है। इस स्टोरी पर उन्होंने लिखा कि अब मैं क्या करूं। 

 

जमकर हो रहा बवाल

उनकी इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर जमकर बवाल हो रहा है। विपक्ष समेत तमाम लोग सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष पहले भी चीन की घुसपैठ के आरोप लगाते रहते हैं। अब इस वीडियो के बाद एक बार फिर से यह बहस छिड़ गई है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा, 'परिसीमन की नहीं, सीमाओं की चिंता करो!' 

दूसरी वीडियो में क्या कहा?

ताबा नागु के अकाउंट से यह वायरल वीडियो तो हटा दिया गया है लेकिन उन्होंने दूसरे वीडियो में कहा है कि भारत यह खूबसूरत नजारा खो देगा अगर अरुणाचल पर चीन ने कब्जा कर लिया। उन्होंने एक दूसरा वीडियो पोस्ट किया है जिसमें एक व्यक्ति अरुणाचल में चीन की घुसपैठ पर चिंता जाहिर कर रहा है।