हरियाणा के गुरुग्राम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां होमगार्ड ने एक कार रुकवाई और फिर कार सवार से दिवाली के नाम पर जबरन गिफ्ट वसूला। जब युवक ने मना किया, तब भी होमगार्ड नहीं माना। इसके बाद कार के पीछे बैठी युवक की बहन ने फेस्टिव हैंपर दे दिया। इसके बावजूद आरोपी होमगार्ड नहीं माना और कार में रखा दूसरा गिफ्ट मांगने लगा। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। होमगार्ड के खिलाफ पुलिस ने शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना गुरुग्राम के साइबर हब के पास हुई थी। पुलिस की जांच-पड़ताल में आरोपी होमगार्ड का नाम ओमकार सामने आया है, जो नूंह जिले के रहने वाले हैं। ओमकार ने जिसकी गाड़ी रुकवाई थी, वह पेशे से व्लॉगर है। जानकारी के लिए बता दें कि यह घटना 7 नवंबर को हुई थी। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'कृष्ण भगवान टेढ़े', धीरेन्द्र शास्त्री के बयान पर मचा हंगामा
वायरल वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि होमगार्ड ने गाड़ी रुकवाकर व्लॉगर से दिवाली गिफ्ट मांग लिया। होमगार्ड ने कहा, 'बताओ जी, हैप्पी दिवाली।' इसके बाद इशारों में दिवाली गिफ्ट मांगा तो व्लॉगर ने कहा, 'आज बटुआ नहीं लाया, क्या यूपीआई कर दूं?' इस पर होमगार्ड ने ऑनलाइन पेमेंट करने से मना कर दिया।
इसके बाद कार के पीछे बैठी व्लॉगर की बहन ने दिवाली का एक गिफ्ट हैंपर दे दिया। हालांकि, होमगार्ड ने कार में रखा दूसरा हैंपर भी मांगा लेकिन व्लॉगर ने दूसरा हैंपर देने से इनकार कर दिया। साथ ही व्लॉगर ने कहा कि गिफ्ट मांगी नहीं जाती है। वायरल वीडियो देखने के बाद लोगों ने होमगार्ड पर सवाल उठाए। कई लोगों ने कहा कि होमगार्ड ने अपनी वर्दी का गलत फायदा उठाया है, इसलिए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: न प्रवचन, न चमत्कार, वृंदावन के 19 साल के बाबा के पीछे क्यों दीवाने हुए Gen-Z?
क्या बोली पुलिस?
इस मामले को लेकर पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली की धाराएं लगाई गई हैं। इसके बाद आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार किया गया।
