पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और क्रिकेटर इमरान खान की एक्स वाइफ जेमिमा गोल्डस्मिथ ने दूसरी शादी कर ली है। 52 साल की जेमिमा ने 62 साल के आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर कैमरन ओ'रेली से शादी की है। दोनों की शादी बेहद निजी तरीके से हुई। शादी की जानकारी जेमिमा के परिवार की ओर से सामने आई है।

 

जेमिमा और कैमरन एक साल से ज्यादा समय से साथ थे। दोनों की मुलाकात काम के दौरान हुई थी और पहले दोनों दोस्त बने। इसके बाद उनकी दोस्ती रिश्ते में बदल गई। कैमरन फिल्म और डॉक्यूमेंट्री बनाने के काम में भी रहे हैं। शादी की खबर सामने आने के बाद जेमिमा के परिवार ने सोशल मीडिया पर खुशी जताई। जेमिमा और कैमरन की शादी की जानकारी परिवार की ओर से दी गई। जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ की पत्नी जेमिमा जोन्स ने इंस्टाग्राम पर शादी की तस्वीर शेयर की और दोनों को शादी की बधाई दी। दोनों ने वीकेंड पर परिवार के बीच शादी की।

 

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में कार सवार ने पहले किया महिला बाइकर का पीछा, फिर मारी जोरदार टक्कर

कैमरन ओ'रेली कौन हैं?

कैमरन ओ'रेली का जन्म 28 अप्रैल 1964 को आयरलैंड के डबलिन में हुआ था। उनके पास आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों की नागरिकता है। उनके पिता आयरलैंड के बड़े मीडिया कारोबारी टोनी ओ'रेली थे जबकि उनकी मां ऑस्ट्रेलियाई थीं। कैमरन ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और करियर की शुरुआत Goldman Sachs से की। इसके बाद उन्होंने अपने पिता की कंपनी इंडिपेंडेंट न्यूज एंड मीडिया में करीब 10 साल तक काम किया। बाद में वह ऑस्ट्रेलिया की कंपनी एपीएन न्यूज एंड मीडिया में भी गए। 2000 में उन्होंने वहां चीफ एग्जीक्यूटिव का पद छोड़ दिया। 

 

साल 2003 में उन्होंने बयार्ड कैपिटल नाम की प्राइवेट इक्विटी कंपनी शुरू की और इसके चीफ एग्जीक्यूटिव बने। 2011 में उन्होंने एनर्जी मीटरिंग बनाने वाली कंपनी 'लैंडिस+गायर' को तोशिबा को 2.3 अरब डॉलर में बेच दिया। कैमरन 2010 से स्विट्जरलैंड के जुग में रह रहे हैं। उनके चार बच्चे हैं। उनकी पहली शादी इल्से ओ'रेली से हुई थी। दोनों की मुलाकात ब्लाइंड डेट पर हुई थी और 1992 में उनकी सगाई हुई थी। करीब 20 साल की शादी के बाद दोनों 2022 में अलग हो गए।

 

यह भी पढ़ें: सांपों को बचाने वाले मनीष पाटिल की सांप ने डसा, मौत हो गई

इमरान खान से 2004 में हुआ था तलाक

जेमिमा ने 1995 में पाकिस्तान के क्रिकेटर इमरान खान से शादी की थी। उस समय जेमिमा 21 साल की थीं जबकि इमरान खान 42 साल के थे। दोनों के दो बेटे सुलैमान ईसा और कासिम हैं। जून 2004 में दोनों का तलाक हो गया था। तलाक के बाद जेमिमा अपने बच्चों के साथ लंदन चली गईं। इसके बाद उन्होंने फिल्म और डॉक्यूमेंट्री की दुनिया में काम किया और स्क्रीनराइटर और प्रोड्यूसर के तौर पर अपनी पहचान बनाई।

 

इमरान खान बाद में 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने। 2022 में उनकी सरकार चली गई और 2023 में उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में जेल भेज दिया गया। वह अभी भी जेल में हैं। वहीं जेमिमा अपनी निजी जिंदगी के बारे में ज्यादा बात नहीं करती हैं और अपनी दूसरी शादी को लेकर अब तक खुद कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।