मध्य प्रदेश के खंडवा जिले का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जहां कलेक्टर की जनसुनवाई के दौरान एक युवक कुत्ते का मुखौटा पहनकर आवारा कुत्तों से जुड़ी शिकायत करने आया था। युवक के साथ खंडवा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर थे, जिन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने साफ तौर पर निर्देश दिया था कि आवारा कुत्तों की जनसंख्या कम करने के लिए नसबंदी की जाए जबकि उनके यहां लगातार आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। खंडवा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने आरोप लगाया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी के लिए 40 लाख रुपये खर्च किया गया, इसके बावजूद कुत्तों की संख्या घटने की बजाय बढ़ रही है।

 

यह मामला मंगलवार यानी 18 अगस्त का है, जहां कलेक्टर ऑफिस में हो रही जनसुनवाई का वीडियो वायरल हुआ। जनसुनवाई में दीपक कुत्ते का मुखौटा पहने हुए एक शख्स के साथ हैं, जहां उन्होंने कुत्तों के सही ढंग से वैक्सीनेशन न होने की शिकायत की थी। इसके साथ ही एक शिकायत पत्र भी दिया था। अब सवाल उठता है कि दीपक राठौर ने क्या बोला था, जिसका वीडियो वायरल हो गया था।

 

यह भी पढ़ें: पिस्तौल दिखाकर फंसा ऑटो ड्राइवर, घर पर पुलिस पहुंची तो आलमारी से निकले 3 करोड़

 वीडियो में दीपक ने क्या कहा?

वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि दीपक के साथ कुत्ते का मुखौटा पहने एक व्यक्ति बैठा हुआ है। दीपक ने कहा, 'सुप्रीम कोर्ट ने बोला है कि कुत्तों की नसबंदी होना चाहिए। जो खतरनाक कुत्ते हैं, उन्हें शिफ्ट करना चाहिए। तो कराया आपने?' तो अधिकारी ने कहा, 'हां वैक्सीनेशन हो रहा है।'

इसके बाद लोगों के सामने कहा, 'इन्हें यही नहीं पता कि काफी समय से वैक्सीनेशन बंद है। आप तो झूठ बोलने की सीमा पार कर चुके हैं।' उसके बाद कुत्ते का मुखौटा पहने एक आदमी की तरफ हाथ करके कहा, 'देखिए इनके 6 बच्चे हो गए हैं। यह खुद परेशान है बेचारा कहां से पालेगा? एक बच्चे को पालने में कितना खर्च लगता है, बेचारा कहां से 6 बच्चों को पालेगा। सिर्फ शिकायत नहीं, एफआईआर (FIR) दर्ज कराऊंगा।'

 

यह भी पढ़ें: सीवर में खुदाई कर रहा था लड़का, अचानक मिला 98 करोड़ का सोना

दीपक राठौर के आरोप

दीपक राठौर ने आरोप लगाया कि खंडवा में पिछले चार साल से कुत्तों की नसबंदी और वैक्सीनेशन कराया गया। इन नसबंदी के नाम पर 40 लाख रुपये का खर्च किया गया, ताकि आवारा कुत्तों की जनसंख्या कम हो सके। जबकि हकीकत में कुत्तों की संख्या कम होने के बजाय बढ़ गई। इसके अलावा दीपक राठौर ने दावा किया कि शहर में कुत्तों के काटने के मामले 13225 हैं।