महाराष्ट्र के मुंबई उपनगर से भारती जनता पार्टी (BJP) के नेता और घाटकोपर के विधायक पराग शाह इन दिनों काफी चर्चा में हैं। 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के हलफनामे में 3,383 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति घोषित करने वाले शाह ने एक दिन भिखारी का भेष धारण किया। वह मुंबई के घाटकोपर की सड़कों पर घूमे और सड़क किनारे बैठकर लोगों से मदद मांगी। इस दौरान उन्होंने आम लोगों के बीच समय बिताया और भिखारी के जीवन को करीब से समझने की कोशिश की।

 

खास बात यह रही कि बदले हुए हुलिए में पराग शाह को आसपास मौजूद लोग पहचान नहीं सके। शाह के इस प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पूरा प्रयोग जैन चातुर्मास के दौरान जैन आध्यात्मिक गुरु नम्रमुनि महाराज के सुझाव पर किया गया था। इसका मकसद आर्थिक रूप से कमजोर और दूसरों की मदद पर निर्भर लोगों की जिंदगी को करीब से समझना था।

 

यह भी पढ़ें: ड्रग्स देकर 10वीं की बच्ची का 9 लोगों ने 3 दिन तक किया रेप, 8 गिरफ्तार, 1 फरार

सुरक्षा और गाड़ी छोड़कर बदला पूरा हुलिया

पराग शाह ने इस अनुभव के लिए एक दिन अपनी राजनीतिक और आर्थिक हैसियत से जुड़ी सुविधाओं को छोड़ दिया। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों, गाड़ी और महंगी चीजों को पीछे रखा। इसके बाद मेकअप और बदले हुए कपड़ों की मदद से अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया। भेष बदलने के बाद शाह घाटकोपर की सड़कों पर आम लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने कई जगहों पर लोगों से बातचीत की और सड़क किनारे बैठकर मदद के लिए पैसे भी मांगे। इस दौरान उनके आसपास मौजूद लोगों को यह अंदाजा नहीं हुआ कि भिखारी के रूप में बैठा व्यक्ति एक विधायक है।

मेकअप हटाकर उन्हीं लोगों से मिले पराग

इस प्रयोग का दूसरा हिस्सा भी काफी दिलचस्प रहा। बाद में पराग शाह ने अपना मेकअप हटाया और उन जगहों पर दोबारा पहुंचे, जहां वह पहले भिखारी के रूप में गए थे। उन्होंने कुछ ऐसे लोगों से भी मुलाकात की, जिनसे उन्होंने पहले मदद मांगी थी। इस अनुभव के जरिए शाह ने उन लोगों की मुश्किलों को करीब से समझने की कोशिश की जो भोजन और दूसरी जरूरतों के लिए दूसरों की मदद पर निर्भर रहते हैं। इस पूरे प्रयोग का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है।

 

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में कार सवार ने पहले किया महिला बाइकर का पीछा, फिर मारी जोरदार टक्कर

महाराष्ट्र के सबसे अमीर नेताओं में शामिल हैं पराग

पराग शाह महाराष्ट्र के सबसे अमीर राजनीतिक नेताओं में शामिल हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव के हलफनामे में उन्होंने 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की थी। उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा है। राजनीति में आने से पहले शाह बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) में पार्षद भी रह चुके हैं। विधायक बनने के बाद भी वह अपने कारोबारी हितों के लिए जाने जाते हैं।