उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के भमोरा थाना क्षेत्र स्थित बमियाना गांव में बुधवार शाम आए भीषण तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें एक व्यक्ति टीनशेड के साथ हवा में उड़ता दिखाई दिया। यह व्यक्ति गांव के ही निवासी नन्हें अंसारी हैं। अब उन्होंने बताया है कि उस वक्त क्या हुआ और वह कैसे उड़ गए थे।
नन्हें अंसारी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया, 'हमें नहीं पता था कि हवा कितनी आई कितनी नहीं, हमने तो बस रस्सी पकड़ ली थी और फिर हवा के साथ ही चले गए।' उन्होंने आगे बताया कि वह हवा में करीब 50 फीट की ऊंचाई तक चले गए थे और वहां से नीचे गिरे। अपनी शारीरिक स्थिति के बारे में बात करते हुए नन्हें अंसारी ने कहा, 'चोट आई है, गर्दन में एक साइड का पूरा हिस्सा दर्द कर रहा है और अब सांस लेने में भी बहुत दिक्कत हो रही है।'
यह भी पढ़ें: कार की डिग्गी खोलकर बिठाए थे बच्चे, 100 की स्पीड में दौड़ाई कार
टीनशेड के साथ हवा में उड़े
तूफान इतना तेज था कि उसने टीनशेड को उखाड़ दिया। नन्हें अंसारी ने उस टीनशेड की रस्सी को पकड़ रखा था इसलिए वह भी उसके साथ हवा में उड़ गए। वीडियो में देखा गया कि पहले टीनशेड जमीन पर गिरा और उसके बाद नन्हें अंसारी नीचे गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नन्हें अंसारी को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में उनके दोनों हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
यह भी पढ़ें: इंस्टा पर शोएब बना सौरभ, हिंदू लड़कियों को फंसाकर करता था ब्लैकमेल, पकड़ा गया
गांव में चर्चा का विषय
ग्रामीणों का कहना है कि आंधी इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर काफी चर्चा है और लोग इसे किसी फिल्मी सीन की तरह मान रहे हैं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं। नन्हें अंसारी फिलहाल सकुशल हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए मदद के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आए इस तूफान के लिए एक्शन लिया है जिसमें अब तक 89 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया है कि 24 घंटे के अंदर प्रभावित परिवारों को मदद और पैसा दिया जाए। रिपोर्ट के मुताबिक इस खराब मौसम में 53 लोग घायल हुए हैं और कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा है कि वे खुद लोगों से मिलें और उनकी हर जरूरी मदद करें।
