सोशल मीडिया पर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ का है, जहां एक शख्स ने ऑर्डर पहुंचाने में हुई मामूली देरी को लेकर डिलीवरी एजेंट की पिटाई कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि हल्की बहस के तुरंत बाद आरोपी ने डिलीवरी एजेंट पर हमला बोल दिया और उसे जबरन फ्लैट के अंदर ले गया। करीब 6 मिनट बाद डिलीवरी बॉय फ्लैट से बाहर निकलता नजर आया। अब पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

 

बताया जा रहा है कि यह घटना मेरठ के भावनपुर थानाक्षेत्र स्थित गंगासागर की गंगा हाइट्स बिल्डिंग में हुई है। इस मामले में लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: 'बाहरी आए, लोकल को नहीं बुलाया', नितिन नवीन के सामने राव इंद्रजीत ने खूब सुनाया

सोशल मीडिया पर CCTV वीडियो वायरल

सोशल मीडिया इस घटना का CCTV वीडियो वायरल हो रहा है। डिलीवरी बॉय शुक्रवार को करीब रात 9 बजकर 31 मिनट पर गंगा हाइट्स बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 110 में ऑर्डर देने पहुंचता है। घर की बेल बजाने के बाद अंदर से युवक बाहर निकलता है। दोनों के बीच नोकझोंक होती है। इस बीच युवक की पत्नी भी बाहर निकल कर आती है। इस दौरान शख्स डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करने लग जाता है। इसके बाद डिलीवरी बॉय को अंदर कमरे में ले जाता है।

छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की धमकी 

इस मामले में डिलीवरी बॉय का बयान सामने आया है। डिलीवरी बॉय अमित यादव का कहना है कि ऑर्डर में केवल 5 मिनट की देरी हुई थी। इसको लेकर युवक ने मारपीट की और पत्नी से छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी। अमित के मुताबिक, ऑर्डर में देरी होने पर कस्टमर का फोन आया, उसने कहा कि ऑर्डर 5 मिनट डिले है तो कस्टमर ने कहा 15 मिनट डिले हो चुका है। इसके बाद अमित ने जवाब में कहा कि आपके एप पर शो कर रहा होगा। जब ऑर्डर तैयार हो जाएगा तो मैं लेकर आ जाऊंगा। 

 

अमित के मुताबिक, इसके बाद कस्टमर ने उससे कहा कि घर आ जा फिर बताता हूं। जब घर पहुंचा तो मारना शुरू कर दिया और फोन छीन लिया। फ्लैट के अंदर लेकर गए। वहां भी मारा। इसके बाद कस्टमर ने कहा, 'मेरी बीवी खड़ी है और तू उसके साथ बदतमीजी कर रहा है। तेरे पर रेप का केस लगा दूंगा, तूने उसे छेड़ा है।' अमित ने बताया कि वह पिछले करीब 1 साल से यह काम कर रहा है। साथ ही 12वीं की पढ़ाई भी कर रहा है। उसे पीटने वाले शख्स ने खुद को ICICI बैंक का मैनेजर बताया।

 

यह भी पढ़ें: 'हम अपराधी हैं क्या?' तिरंगा फहराने जा रहे थे देवेंद्र महतो, अस्पताल में रोके गए

भवनपुर में केस दर्ज  

पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसकी जांच करने पर पता चला कि यह घटना एक दिन पहले, यानी 14 अगस्त को हुई थी। इसमें ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय को ऑर्डर पहुंचाने में देरी होने पर आरोपी ने उसके साथ बदसलूकी की और मारपीट की। पुलिस के मुताबिक इस मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर ली गई है। 

 

पीड़ित की शिकायत पर थाना भवनपुर में केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिशें दी जा रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।