कर्नाटक के श्रीरंगपट्टण केआरती उक्कड़ा मंदिर में एक विधायक की बेटी और पुलिस सब-इंस्पेक्टर के बीच हुई झड़प का CCTV फुटेज वायरल हो रहा है। फुटेज में तुमकुरु ग्रामीण विधायक बी सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या और मांड्या महिला पुलिस स्टेशन की सब-इंस्पेक्टर सविता बी पाटिल के बीच तीखी बहस दिख रही है।
ऐश्वर्या मंदिर के गर्भगृह में दर्शन के लिए पहुंची थीं और उन्होंने तुरंत प्रवेश न मिलने पर आपत्ति जताई। वीडियो में साफ दिखता है कि बहस के दौरान ऐश्वर्या फोन पर बात कर रही हैं। इसके बाद वह पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मार देती हैं। जवाब में अधिकारी भी उन्हें मारती हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर को PhD स्कॉलर ने जड़ा थप्पड़, CCTV में क्या दिखा?
कब का है मामला?
मौके पर मौजूद अन्य लोग दोनों को शांत करने की कोशिश करते दिख रहे हैं हैं। यह घटना 12 अगस्त की शाम करीब 8.15 बजे भीमा अमावस्या के उत्सव की है। गर्भगृह में प्रवेश को लेकर हंगामा हुआ था। ऐश्वर्या का कहना था कि उन्हें सीधे अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि एक सर्कल इंस्पेक्टर को अंदर जाने दिया गया।
सब-इंस्पेक्टर ने क्या बताया है?
थनाहल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ऐश्वर्या ने अधिकारी को गाली-गलौज की, थप्पड़ मारा और उनके कर्तव्य में बाधा पहुंचाई। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि ऐश्वर्या की तरफ से काउंटर शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी।
विधायक को मांगनी पड़ी माफी
विधायक बी सुरेश गौड़ा ने घटना पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी मंदिर दर्शन के लिए गई थीं और गर्भगृह में जाने का अनुरोध किया था। पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से मना कर दिया, जबकि सर्कल इंस्पेक्टर को अनुमति मिल गई। सुरेश गौड़ा ने कहा कि उनकी बेटी ने दोबारा अनुरोध किया तो अधिकारी ने उन्हें गाली दी, जिसके बाद झगड़ा शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें: पूर्व मंत्री की बेटी ने SBI मैनेजर को मारा थप्पड़, गिरफ्तारी के बाद मिल गई जमानत
विधायक ने क्या मांग की?
सुरेश गौड़ा ने कहा कि उन्होंने अपनी बेटी द्वारा थप्पड़ मारने का वीडियो नहीं देखा है, लेकिन इसके लिए माफी मांगते हैं। यह घटना स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था और VIP संस्कृति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच जारी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
CCTV फुटेज वायरल
सीसीटीवी फुटेज के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा भड़का है। कुछ लोग ऐश्वर्या के व्यवहार की निंदा कर रहे हैं तो कुछ अधिकारी की जवाबी कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। घटना के कुछ दिनों बाद फुटेज सामने आने से मामला और गर्म हो गया है। विधायक सुरेश गौड़ा ने माफी मांगकर विवाद को शांत करने की कोशिश की है। पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है। मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन दोनों पक्षों से सहयोग की अपील कर रहे हैं।
