चर्चित इन्फ्लुएंसर नाजिया इलाही खान ने सनातन धर्म अपनाने की घोषणा की है। बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ी नाजिया इलाही का कहना है कि वह अपने पूर्वजों की सच्चाई को स्वीकार करने जा रही हैं। पश्चिम बंगाल की रहने वाली नाजिया इलाही ने दावा किया है कि बंगाल के बनर्जी परिवार से जुड़े लोग उन्हें अपना गोत्र देने को तैयार हैं। नाजिया इलाही ने यह भी कहा कि गाजियाबाद के लोनी से बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी उन्हें अपना गोत्र देने की बात कही है। नाजिया इलाही ने नंदकिशोर गुर्जर को अपने पिता समान बताया।

 

नाजिया इलाही पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की रहने वाली हैं। 37 वर्षीय नाजिया इलाही पेशे से वकील और नेता हैं। उन्होंने तीन तलाक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ता इशरत जहां के साथ खड़ी नजर आईं थीं। इसके बाद वह चर्चा में आई थीं। साल 2018 में वह भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़ीं। वह सोशल मीडिया पर ‘नाजिया सनातनी’ के नाम से जानी जाती हैं। वह अपनी राजनीतिक टिप्पणियों की वजह से चर्चा में बनी रहती हैं।

पितरों का तर्पण कर चुकी हैं

मध्य प्रदेश के उज्जैन में बीते 10 अक्टूबर को नाजिया इलाही ने सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर तर्पण किया था। उन्होंने मां शिप्रा के रामघाट पर हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की थी। नाजिया ने अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण और पिंडदान भी किया। उन्होंने अपने पूर्वजों द्वारा बकरीद के दौरान बेजुबान जानवरों की हत्या किए जाने के लिए क्षमा मांगी। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से उनका मन हल्का हो गया।

 

यह भी पढ़ें: हरि की पैड़ी से गायब हो गईं गंगा? डुबकी नहीं लगा पाए श्रद्धालु, वजह समझिए

 

इस दौरान उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मेरे जीवन का सबसे खूबसूरत निर्णय तर्पण करने का था। मेरे मजहब में सीखने के लिए कुछ भी नहीं है। औरंगजेब ने अपने पिता को पानी के लिए तरसाया और अपने भाई का गला काटा था। इसलिए सनातन धर्म में जो तर्पण होता है, जो मोक्ष की प्राप्ति होती है। मैं पूजा करते हुए बहुत भावुक हो गई।’

 

पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी

नाजिया इलाही को पाकिस्तान से जान से मारने की धमकियां मिली हैं। नाजिया ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि ISI के हैंडलर शहजाद भट्टी और उसके कमांडो हुनैन राणा ने अपने निजी नंबर से उन्हें डरावने वीडियो और मैसेज भेजे हैं। इन धमकियों में कहा गया है कि वे उन्हें, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सुवेंदु अधिकारी को बेरहमी से प्रताड़ित करने के बाद मार डालेंगे। नाजिया ने इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की है।

 

यह भी पढ़ें: टाइगर नहीं सलमान थे शिकार, हमले से पहले हुई थी गैलेक्सी अपार्टमेंट की रेकी