सोशल मीडिया पर अक्सर अजीबोगरीब वीडियो वायरल होते रहते हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वह उसी सांप को जेब में डालकर इलाज कराने निकल पड़ा। जब वह सांप के साथ अस्पताल पहुंचा, तो डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया।
इस घटना से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं जिन्हें देखकर लोग हैरान हैं। इस व्यक्ति का नाम दीपक राजपूत बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- लेडी राइडर ने विदेशी महिला के साथ ऐसा क्या किया वायरल हो गई?
वायरल वीडियो की कहानी
दीपक का एक वीडियो सड़क का है जिसमें वह हाथ में सांप लेकर ई-रिक्शा में बैठा दिख रहा है और एक पुलिसकर्मी से बहस कर रहा है। दीपक मथुरा के लक्ष्मी नगर का रहने वाला है और ई-रिक्शा चलाता है। जिस दिन यह घटना हुई, वह वृंदावन जा रहा था। ई-रिक्शा में मौजूद सांप का उसे पहले पता नहीं चला। रास्ते में सांप ने उसके हाथ में काट लिया। इसके बाद उसने सांप को जेब में रख लिया और इलाज के लिए अस्पताल की ओर चल पड़ा। रास्ते में पुलिस ने रोका तो उसने जेब से सांप निकालकर दिखाया। कुछ देर बहस के बाद वह वहां से चला गया।
इसके बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसमें दीपक सांप के साथ अस्पताल पहुंचा। जैसे ही डॉक्टरों ने सांप देखा, वे डर गए और तुरंत उसे बाहर ले जाने को कहा। इससे नाराज होकर दीपक अस्पताल परिसर के बाहर सड़क पर बैठ गया, जहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। दीपक का कहना था कि वह सांप को इसलिए साथ लाया था ताकि डॉक्टर उसे देखकर सही इलाज कर सकें।
यह भी पढ़ें- मंदिर में घुसकर चुराए देवी-देवताओं के गहने, फिर प्रणाम करके भाग गया चोर
घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी। बाद में अस्पताल प्रशासन ने दीपक का इलाज किया और उसे वहां से भेज दिया।
यूजर्स का रिएक्शन
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों के तरह-तरह के कमेंट आने लगे। एक यूजर ने लिखा, 'जियो शेर।' दूसरे ने कहा, 'इसके होंठ काले पड़ गए हैं, यह मरने वाला है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'ये सरकारी अस्पताल सिर्फ नाम के हैं, किसी की जान जाए तो इन्हें फर्क नहीं पड़ता।' वहीं किसी ने लिखा, 'देख लो ऐसे नमूने।'
