मुंबई के वर्ली इलाके में मंगलवार को महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक जाम से नाराज एक महिला ने महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन को फटकार लगाई। महिला ने ट्रैफिक जाम से परेशान होकर मंत्री और पुलिस के सीनियर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पास में एक खाली ग्राउंड है वहां जाकर प्रदर्शन करो। इस महिला की वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर लोग इस महिला की प्रशंसा कर रहे हैं और कह रहे है कि नेताओं की वजह से लोग परेशान होते हैं।
यह घटना उस समय हुई, जब मंत्री गिरीश महाजन विरोध के दौरान विपक्षी दलों को निशाना बनाते हुए एक रैली में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। सड़क पर चल रहे इस प्रदर्शन के कारण लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। इस जाम में कई लोग काफी देर तक फंसे रहे। इस जाम में फंसी एक महिला ने गुस्से में आकर पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की लेकिन पुलिस वालों ने उसकी बात को नजर अंदाज कर दिया। महिला गुस्से में आकर पत्रकारों से बात कर रहे मंत्री पर चिल्ला पड़ी और तुरंत सड़क खाली करने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें: X पर वीडियो पोस्ट कर फंस गई मधु किश्वर, घर जाकर पुलिस ने थमा दिया नोटिस
मंत्री को कहा गेट आउट
सड़क पर जाम से परेशान होकर महिला मंत्री के पास पहुंची और उन्हें सड़क खाली करने के लिए कहा। महिला ने मंत्री से कहा, 'यहां पास में खाली मैदान है वहां जाकर बोलिए। ट्रैफिक को रोककर नहीं। गेट आउट ऑफ हेअर।' जब मंत्री सड़क से नहीं हटते तो गुस्साई महिला फिर से वापस आती है।
वापस आकर उन्होंने मंत्री से कहा, 'आपको समझ नहीं आ रहा है।' महिला मंत्री से पूछती है कि व्हाट इज रोंग विद यू। महिला का गुस्सा देखकर मंत्री अपने समर्थकों के साथ आगे बढ़ने लगते हैं और उनसे बात करने लगते हैं। महिला वापस आकर मंत्री से पूछती हैं कि आपको समझ नहीं आ रहा है। यहां पर सैंकड़ों लोग खड़े हुए हैं। इस दौरान पुलिस का एक अधिकारी महिला से बात करने की कोशिश करने लगता है लेकिन महिला उसे भी फटकार लगा देती है।
काफी देर तक चला हंगामा
महिला का गुस्सा देखने के बाद पुलिस वाले महिला को ही वहां से हटाने लगे। महिला ने उनसे कहा कि आप लोग ट्रैफिक को हल करवाईए। इस दौरान एक पुरुष पुलिसकर्मी महिला पुलिसकर्मियों को उस महिला को हटाने के लिए कहता है। महिला पुलिसकर्मी उसे हटाने की कोशिश करती है लेकिन महिला उन्हें हाथ तक नहीं लगाने देती।
महिला ने पुलिस वाले से बात करते हुए कहा कि मुझे दिक्कत है कि मैं इस रोड़ पर एक घंटे से खड़ी हुई हूं। सामने खाली मैदान है आप लोग वहां जाकर प्रदर्शन कीजिए। इस दौरान पुलिसकर्मी और महिला के बीच जमकर बहस होती है। पुलिस महिला को दूसरी तरफ लेकर जाती है और कहती है कि वह जाम क्लियर करवा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: '2 साल में दूसरी बार मैटरनिटी लीव', इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिया अहम फैसला
उल्टा पड़ गया बीजेपी का दांव
भारतीय जनता पार्टी देशभर में कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ संसद में महिला आरक्षण से जुड़े बिल के खिलाफ वोटिंग करने के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में गिरीश महाजन भी अपने समर्थकों के साथ सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन महिला ने उन्हें फटकार दिया। इस घटना की वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी की विरोध की रणनीति उल्टी पड़ गई। महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने वीडियो शेयर कर आरोप लगाया कि बीजेपी का महिला आरक्षण पर असली चेहरा सामने आ गया है।
