सोशल मीडिया पर तमिलनाडु एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला ने बताया कि वह तमिलनाडु की एक फैक्ट्री में काम करती हैं, जहां उन्हें पिछले कुछ समय से फैक्ट्री में कैद रखा गया है। महिला का दावा है कि फैक्ट्री के सीनियर अधिकारी न तो खाना देते हैं और न ही तनख्वाह देते हैं। साथ ही महिला ने तमिलनाडु के प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह फैक्ट्री के मजदूरों के लिए कोई गंभीर कदम नहीं उठा रहा है।
वायरल वीडियो में दावा करने वाली महिला का नाम ममता तिवारी बताया जा रहा है, जिन्होंने कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम पर यह वीडियो शेयर किया था। ममता तिवारी का वीडियो देखने के बाद कई लोगों ने मामले की जांच की मांग की है। वहीं, कुछ लोग महिला को रेस्क्यू करने की बात कर रहे हैं। हालांकि, कुछ लोगों ने महिला के दावों पर भी शक जताया।
यह भी पढ़ें: 2 लाख की सैलरी घटकर हुई 40 हजार, कॉपीराइटर की सैलरी में गिरावट की वजह AI
महिला ने क्या कहा?
वायरल वीडियो में महिला ने कहा, 'हम तमिलनाडु आकर फंस गए हैं। यहां लोगों को बंद करके रखा जाता है। न खाने के लिए दिया जाता है और न ही पैसा दिया जाता है, बस लोगों को बंद करके रखा जाता है। हमने यहां से जाने की कोशिश की थी। यह देखिए, यह कंपनी तमिलनाडु के जंगलों के बीच बनी हुई है।'
इसके बाद ममता तिवारी ने कहा, 'प्लीज आप लोग हमारी मदद करें। लोग कहते हैं कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बहुत अच्छे हैं लेकिन यहां की पुलिस कुछ नहीं कर पा रही है। हमने कई बार पुलिस को कॉल करके बात करने की कोशिश की थी।जब कुछ नहीं हुआ, तो आखिर हमने भागने की कोशिश की तो हमें मारा गया।'
यह भी पढ़ें: फ्रेंडशिप डे: दोस्तों को भेजें शायरी साथ में दें ये गिफ्ट, दिन बन जाएगा
महिला ने लोगों से अपील करते हुए कहा, 'बिहार के लोग यहां कभी न आएं। यहां हमारे साथ बहुत बुरा व्यवहार किया जा रहा है। हमें बहुत मारा-पीटा जा रहा है। इस रील को ज्यादा से ज्यादा शेयर कीजिए, ताकि तमिलनाडु का सच सामने आ सके।'
लोगों की राय
इस वीडियो को देखने के बाद अश्वनी यादव ने सरकार को टैग करते हुए कहा, 'राज्य का प्रशासन जल्द से जल्द महिला को बचाए।'
