लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। वायरल होने की वजह उनके सोशल मीडिया पोस्ट हैं, जहां वह आए दिन धार्मिक प्रवचन देते हुए वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। 22 मार्च को तेज प्रताप यादव ने नवरात्रि और माता कूष्मांडा से संबंधित अहम बातें बताईं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जहां कई लोग तेज प्रताप के बदलते अंदाज की सराहना कर रहे हैं, वहीं कई लोग उनका मजाक भी उड़ा रहे हैं।
हाल ही में तेज प्रताप ने एक नया इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है, जिसका नाम संत तेज प्रताप यादव रखा है। इस अकाउंट पर वह धर्म से संबंधित वीडियो डाल रहे हैं। इन वीडियो के जरिए उन्होंने खुद को शिव भक्त बताया है। वीडियो में तेज प्रताप भगवा रंग के कपड़ों में नजर आ रहे हैं और धर्म को लेकर बातचीत कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस को छोड़ना होगा 24 अकबर रोड बंगला, सरकारी आदेश पर कार्यकर्ता भड़क गए
तेज प्रताप ने क्या बताया?
22 मार्च को तेज प्रताप ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट की। इस वीडियो में उन्होंने अपने फैंस से कहा है,'हर-हर महादेव। जो हमारे ‘संत तेज प्रताप’ के पेज को लाइक करते हैं, आज हम आपको नवरात्रि के चौथे दिन के माता के रूप का महत्व बताएंगे। नवरात्रि के चौथे दिन मां कूष्मांडा की आराधना की जाती है। माता कूष्मांडा के मुस्कुराने से सृष्टि का आगमन हुआ। इसी वजह से यह पृथ्वी, जहां हम रहते हैं, अस्तित्व में आई। जो भक्त माता कूष्मांडा की आराधना करते हैं और ध्यान लगाते हैं, उन्हें माता के प्रकाश की प्राप्ति होती है। इसलिए माता का खूब ध्यान लगाएं।'
तेज प्रताप यादव ने कुछ दिन पहले एक और वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। इस वीडियो में वह शिव जी की पूजा करते नजर आ रहे हैं और शिवभक्ति को लेकर अहम बातें बता रहे हैं।इस वीडियो में उन्होंने कहा है,'हर-हर महादेव। जो हमारे फॉलोवर हैं और जो ‘संत तेज प्रताप यादव’ को फॉलो करते हैं, आज हम महादेव को भस्म चढ़ाएंगे और याद दिलाएंगे कि शरीर नश्वर है। एक दिन सबको भस्म हो जाना है। इसलिए अहंकार छोड़िए और महादेव में लीन हो जाइए। महादेव की भक्ति करिए, क्योंकि एक दिन सबका भस्म होना तय है।' इस वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने कमेंट किया।
यह भी पढ़ें: रेग्युलर जिम, बेहद फिट शरीर, वर्कआउट करते करते दिल्ली पुलिस के जवान की मौत
रवि नाम के एक शख्स ने कहा है,'सबसे पहले तेज प्रताप यादव को ही अपने अहंकार को नष्ट करना चाहिए।'
दूसरे व्यक्ति मुकेश जट ने कहा है, 'तेज प्रताप राजनीति छोड़कर भक्ति में डूबे हैं, यह अच्छी बात है।'
तीसरे व्यक्ति नवीन यादव ने कहा है,'तेजी भैया की अलग ही दुनिया है।'
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव हारने के बाद से तेज प्रताप का अंदाज कुछ बदला-बदला नजर आ रहा है। अब वह राजनीतिक मुद्दों पर कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसके बजाय वह अपने यूट्यूब वीडियो और व्लॉगिंग पर ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं।
