मध्य प्रदेश में सिंगरौली में एक आदिवासी युवक को बुरी तरह हॉकी स्टिक से बीटा गया लेकिन आसपास के लोग तमाशबीन बनकर खड़े रहे। नॉर्दन कोलफील्ड लिमिटेड (NCL) के कोल हैंडलिंग प्लांट के पास आदिवासी युवक को भद्दी गालियां दी गईं, उसे बुरी तरह से मारा गया। युवक को मार रहा शख्स कभी उसकी गर्दन पर स्टिक से मारता, कभी पांव पर। सोशल मीडिया पर बर्बरता का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
नॉर्दर्न कोलफील्ड लिमिटेड के ही एक सिक्योरिटी इंचार्ज पर आदिवासी युवक से मारपीट का आरोप है। सिक्योरिटी इंचार्ज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वह हॉकी स्टिक से बैगा समुदाय के एक युवक अन्ने लाल को पीट रहा है। निगाही कोल हैंडलिंग प्लांट के पास हुई इस घटना पर लोग भड़के हुए हैं।
यह भी पढ़ें: केन-बेतवा लिंक परियोजना का हजारों आदिवासी विरोध क्यों कर रहे हैं?
पुराना वीडियो हुआ है वायरल
यह वीडियो करीब 2 महीने पुराना है लेकिन अब यह अचानक सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल का कहना है कि केस दर्ज कर लिया है। यह भी कहा गया है कि पीड़ित ने शिकायत नहीं की थी, इसलिए केस दर्ज नहीं किया गया था।
क्यों सिक्योरिटी इंचार्ज ने पिटाई की?
प्लांट के अधिकारियों का दावा है कि युवक, शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ कोल हैंडलिंग प्लांट से लोहे का सामान उठारहा था, तभी सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोका और मारने लगे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: MP के सिंगरौली में न्याय मांग रहे परिवार को पुलिस ने घसीटा, आखिर मामला क्या है?
लोग क्या कह रहे हैं?
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने X पर लिखा है, 'मध्यप्रदेश के सिंगरौली में एक असहाय आदिवासी आदमी को भद्दी भद्दी गालियां देकर बुरी तरह से पीटने का यह वीडियो मानवता को शर्मसार करता है। आदिवासियों की जमीन छीनने के साथ ही साथ उनके साथ खुलेआम जानवरों से भी बदतर व्यवहार हो रहा है।'
सुप्रिया श्रीनेत, प्रवक्ता, कांग्रेस:-
डबल इंजन सरकार में यह बर्बरता हो रही है और BJP में सुई टपक सन्नाटा है। इन दरिंदों को पुलिस, प्रशासन, सरकार किसी का डर क्यों नहीं है? कितना दुखद है कि आदिवासियों के साथ हमारे देश में यह अराजकता तब हो रही है जब हमारी महामहिम राष्ट्रपति स्वयं आदिवासी समाज से हैं, दुर्भाग्य से वह बिल्कुल मौन हैं।
'पहले जमीन छीनी, अब अत्याचार कर रहे हैं'
डॉ. विक्रांत भूरिया, विधायक, झबुआ:-
सवाल उठता है कि बीजेपी की डबल इंजन सरकार में न्याय व्यवस्था, प्रशासन और पुलिस का कोई भय रह गया है, या फिर प्रदेश में पूरी तरह अराजक तत्वों के हवाले हो गया है? इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं, दोषी व्यक्ति पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी ही चाहिए, नहीं तो आदिवासी समाज न्याय के लिए खड़ा होगा।
झबुआ से विधायक और आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया ने कहा, 'सिंगरौली में आदिवासी समाज के साथ सिर्फ उनकी जमीन छीनकर ही अन्याय नहीं किया जा रहा है, बल्कि उनके साथ अमानवीय व्यवहार भी किया जा रहा है। आप इस वीडियो में देख सकते हैं कि स्थानीय बैगा जनजाति के आदिवासी भाई के साथ किस तरह बर्बरतापूर्वक बर्ताव हो रहा है।'
