ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन के चीफ इमाम डॉ. उमर अहमद इलियासी ने कहा है कि वह अपने 2022 के बयान पर आज भी कायम हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत को राष्ट्रपिता कहा था। अहमद इलियासी ने कहा है कि RSS देश के लिए समर्पित है और राष्ट्रहित में काम करता है।
अहमद इलियासी ने कहा कि संघ के प्रचारक घर-बार और सब कुछ छोड़कर राष्ट्र के लिए काम करते हैं और पूरा जीवन देश को देते हैं। उन्होंने कहा कि मोहन भागवत ने भी अपना पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित किया है।
इमाम डॉ. उमेर अहमद इलियासी:-
मैंने मोहन भागवत जी को राष्ट्र ऋषि भी कहा है। मैंने मोहन भागवत जी को राष्ट्र का संत भी कहा है, क्योंकि आरएसएस के जो प्रचारक होते हैं, वो संत होते हैं। इसलिए मैंने उनको राष्ट्रपिता बोला, क्योंकि दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है और राष्ट्र के लिए समर्पण राष्ट्र के लिए समर्पित हैं।
यह भी पढ़ें: जिन देशों में हुआ 'रिजीम चेंज', वहां बदला क्या, मोहन भागवत का बयान कितना सही?
इलियासी ने मोहन भागवत पर क्या कहा था?
अहमद इलियासी ने बताया कि उन्होंने मोहन भागवत को राष्ट्र ऋषि और राष्ट्र का संत भी कहा है। उन्होंने कहा कि RSS के प्रचारक संत की तरह होते हैं। उन्होंने कहा कि RSS दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है और संघ के सरसंघचालक सबसे बड़े पद पर होते हैं। इसी वजह से उन्होंने भागवत को राष्ट्रपिता कहा था। अहमद इलियासी ने कहा कि जो व्यक्ति राष्ट्र, समाज, संस्कार और संस्कृति के लिए सब कुछ त्यागकर काम करता है, उसके लिए उन्होंने यह बात कही थी।
2022 में खूब हुआ था बवाल
अहमद इलियासी ने बताया कि 2022 में उनके इस बयान का देश और दुनियाभर में बड़ा विरोध हुआ था। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद वे आज भी अपनी बात पर कायम हैं। मुस्लिम संगठनों ने इस बयान का विरोध किया था और माफी मांगने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें: 'हम जब बंटे तब पतन हुआ...', दशहरा पर मोहन भागवत ने नागपुर से दिया संदेश
कौन हैं उमर अहमद इलियासी?
डॉ. उमर अहमद इलियासी ऑल इंडिया इमाम ऑर्गनाइजेशन (AIIO) के चीफ इमाम हैं। संगठन खुद को दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे पुराना इमाम संगठन कहता है। संगठन का दावा है कि भारत के करीब पांच लाख इमाम इसके सदस्य हैं। ये इमाम देश के 21 करोड़ मुसलमानों के धार्मिक मार्गदर्शक हैं।
संगठन का कहना है कि इलियासी को पंजाब की देश भगत यूनिवर्सिटी ने डॉक्टरेट ऑफ फिलॉसफी की उपाधि दी है। संगठन का कहना है कि आजादी के बाद पहली बार किसी मस्जिद के इमाम को यह सम्मान मिला है। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर एजुकेशनल डेवलपमेंट (IOED) ने उन्हें मध्य पूर्व महाद्वीप के लिए मानद लेफ्टिनेंट गवर्नर भी नामित किया है।
इलियासी किन मुद्दों पर काम करते हैं?
उमेर इलियासी धर्म, अध्यात्म और अंतरधार्मिक संवाद से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर संगठन का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ खुलकर अपनी बात रखने वाले इस्लामी विद्वानों में गिने जाने जाते हैं। वह फिलिस्तीन-इजरायल जैसे विवादों में सुलह की कोशिशों से भी जुड़े रहे हैं। उन्हें शांति और सद्भाव के लिए सैकड़ों राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। उनका संगठन ग्लोबल वार्मिंग, उग्रवाद, आतंकवाद, स्वास्थ्य और शिक्षा, मदरसा शिक्षा का आधुनिकीकरण, इमामों का प्रशिक्षण, अंतरधार्मिक सद्भाव की दिशा में काम कर का दावा करता है।
