सोशल मीडिया पर ट्रेन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की वर्दी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसमें पुलिसकर्मी ट्रेन के कोच में महिला को पीटते दिख रहे हैं। महिला की बेटी ने पुलिस को रोकने की कोशिश की। महिला की बेटी के मुताबिक, वह ट्रेन के जनरल कोच में बैठकर लुधियाना जा रहे थे। तभी एक पुलिसकर्मी कोच में आया और सीट को लेकर लड़कियों से बहस करने लगा, जिसके बाद पुलिसकर्मी ने महिला को पीट दिया। इस घटना में पीड़ित महिला के सिर में चोट लग गई थी।
यह घटना तब हुई, जब ट्रेन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद पहुंची थी। पीड़ित परिवार बिहार से छठ पर्व मनाकर लुधियाना लौट रहा था। आरोपी पुलिसकर्मी ने जिस महिला को पीटा, उसके सिर पर चोट लगी थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में पुलिस के तबादले पर फूट-फूटकर रोई महिला कांस्टेबल, वीडियो वायरल
पीड़ित परिवार का आरोप
पीड़ित महिला की बेटी ने कहा, 'हम लोग मोतिहारी से चढ़े थे। जब ट्रेन मुरादाबाद आई, तो पुलिस आई, जिनके साथ दो महिलाएं थीं। मेरी मम्मी की तबीयत बहुत खराब थी। यह बीपी की मरीज हैं। इसलिए इन्हें ट्रेन में एक अंकल ने अपनी सीट दी थी, ताकि ये आराम कर सकें। सीट पर पहले से ही 5 लोग बैठे हुए थे और दूसरी सीट पर भी बहुत सारे लोग बैठे हुए थे।'
इसके बाद लड़की ने कहा, 'वह उन दो महिलाओं को जबरदस्ती लेकर आए। वे महिलाएं आगे जा चुकी थीं। जब उन्होंने देखा कि सब बैठे हुए हैं, तो भी वे पुलिसकर्मी उन महिलाओं को लेकर आए। इसके बाद पुलिस ने तू-तड़ाक करके बात की। जब उनकी बात किसी ने नहीं मानी, तो वे वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनाने से पहले पुलिस ने मेरा कॉलर पकड़ा। तब मेरी मम्मी को गुस्सा आया।'
यह भी पढ़ें: 'बाप का बदला, बेटियों ने लिया...', वाराणसी में डोसा शॉप पर लड़कियों ने काटा बवाल
इसके अलावा लड़की ने बताया, 'ट्रेन में एक भैया थे, जो हमारे लिए स्टैंड लिए। जब मेरी मम्मी ने वीडियो बनाया, तो पुलिस ने फोन छीन लिया। उसके बाद मम्मी की गर्दन पकड़ ली और गर्दन पर पैर दिया। मम्मी का मंगलसूत्र तोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित महिला ने अपना सिर दिखाया और कहा, 'देखिए, हमारा सिर फोड़ दिया।'
पुलिस की जांच-पड़ताल
वायरल वीडियो के कमेंट में मुरादाबाद पुलिस ने जवाब दिया है। उन्होंने लिखा कि मुरादाबाद के जीआरपी थाने की पुलिस साक्ष्यों के आधार पर इस मामले की जांच कर रही है।
