संविधान दिवस पर हरियाणा विधानसभा में घमासान, हुड्डा ने सरकार पर उठाए सवाल
विपक्ष ने हरियाणा के मौजूदा हालात को लेकर बीजेपी पर सवाल दागे। आरोप-प्रत्यारोपों के बीच करीब 8 घंटे बाद सत्र हुआ समाप्त।

हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान अपनी बात रखते कैबिनेट मंत्री अनिल विज। Photo Credit: Anil Vij
संविधान दिवस पर गुरूवार को हरियाणा विधानसभा में एक दिवसीय विशेष सत्र की शुरुआत काफी हंगामेदार रही। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मौजूदा सरकार को सवालों के घेरे में घेरा। सुबह 11 बजे वंदे मातरम् गीत के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। मुख्यमंत्री नायब सैनी, विधानसभा स्पीकर हरविंदर कल्याण और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन करते हुए संविधान की पुस्तक पर पुष्प अर्पित किए।
शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर साढ़े 12 बजे तक स्थगित रही। विशेष सत्र का मुख्य विषय हरियाणा की 60 वर्षों की विकास यात्रा व विकसित हरियाणा के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी एवं नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकत बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका था। मुख्यमंत्री के भाषण के बाद शाम 6.50 बजे सदन की कार्यवाही समाप्त हुई।
यह भी पढ़ें: हरियाणा पुलिस खरीदेगी 62.40 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक साइबर टूल्स
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उठाए सवाल
सदन की कार्यवाही के दौरान नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की स्थिति को लेकर सरकार की कई खामियां निकाली। उन्होंने कहा कि हरियाणा को विकसित राज्य कैसे कहा जा सकता है। स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में भी हरियाणा लगातार पिछड़ रहा है। हरियाणा सबसे असुरक्षित प्रदेश बन गया है। प्रदेश में गैंगस्टर गिरोह सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि स्टाफ की भारी कमी के बीच स्कूलों को बंद किया जा रहा है।
लाडो लक्ष्मी योजना के बजट बढ़ाने को लेकर कहा कि इसके लिए 20 हजार करोड़ रुपए का बजट होना चाहिए, जबकि महज 6 हजार करोड़ रुपए रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 4 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है। उन्होंने सवाल खड़े करते हुए कहा कि हरियाणा के 23 विधानसभा क्षेत्रों में वोटों के आंकड़ों में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक ही दिन में मतदान प्रतिशत में 7 प्रतिशत का अंतर पहले कभी नहीं आया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा विधानसभा सत्र से एक दिन पहले BJP और कांग्रेस ने की विधायक दल की बैठक
बेदी बोले; कांग्रेस ने किए सबसे अधिक संशोधन
कृष्ण बेदी ने आगे कहा कि मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की न तो जीते जी उनकी सुध ली और न ही निधन के बाद। जहां अंतिम सांस ली, उस जगह की सुध नहीं ली गई। कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में इसके लिए जगह नहीं दी, उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान में कांग्रेस ने कांग्रेस ने अपने फायदे के लिए सबसे अधिक संशोधन किए हैं। संविधान में कुल 106 संशोधन में से 75 संशोधन कांग्रेस ने किए।
बीजेपी ने धारा 370 और 35ए हटाई। डॉ. अंबेडकर भी इनके खिलाफ थे, लेकिन कांग्रेस ने इन धाराओं को नहीं हटाया और इन्हें बनाए रखा। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि 1975 में लगी इमरजेंसी को उचित नहीं मानते। आज भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया से भारत के मुख्य न्यायाधीश को क्यों हटाया गया। अरोड़ा ने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने एससी और बीसी वर्ग के लिए आरक्षण का प्रावधान करवाया था।
यह भी पढ़ें: हरियाणा: बिजली चोरी पर 140 करोड़ रुपये तो पानी चोरी पर 26.62 लाख जुमार्ना वसूला
तिरंगा नहीं फहराने का आरोप
कांग्रेस विधायक रघुबीर कादियान ने कहा कि आरएसएस के दफ्तर पर आज तक तिरंगा नहीं फहराया है। इस दौरान स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने उन्हें टोका तो दोनों के बीच बहस हो गई। इसी बीच मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस का निर्माण अंग्रेजों ने किया था। महात्मा गांधी ने भी कहा था कि कांग्रेस को खत्म कर देना चाहिए। इस बीच भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने आरएसएस के जिक्र को लेकर कहा कि इनका तो पप्पू ही काफी है। कांग्रेस ने इसका विरोध किया तो स्पीकर ने कहा कि शब्द को सदन की कार्यवाही से हटा दिया है। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक हो रहे हैं। एसआईआर के नाम पर 13 करोड़ वोट काट दिए गए।
यह भी पढ़ें: बोर्ड की वेबसाइट पर मिलेंगे प्रश्नपत्र, रिजल्ट सुधारने के लिए BSEH का प्लान
विज बोले; डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न बीजेपी ने दिया
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि संविधान बनाने वाले डॉ. भीमराव अंबेडकर को 43 साल बाद भारत रत्न बीजेपी ने दिया। विज ने कहा कि विधानसभा भवन में भी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा मनोहर लाल के कार्यकाल में लगाई गई। अनिल विज ने कहा कि कांग्रेस ने बार-बार संविधान का हनन किया।
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि जिस कांग्रेस ने संविधान बनाने में योगदान दिया था, वह आज कहीं नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि आज का कार्यक्रम स्कूल-कॉलेज में आयोजित होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि संविधान को सभी कक्षाओं में पढ़ाया जाना चाहिए।
इनेलो विधायक आदित्य चौटाला ने कहा कि संविधान हर नागरिक को सम्मान और न्याय के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। लोगों को संविधान से ताकत मिलती है। अगर देश का प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या कोई चुना हुआ जनप्रतिनिधि झूठ बोलता है, तो क्या यह लोगों के साथ अन्याय नहीं है।
हिसार से विधायक सावित्री जिंदल ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद हरियाणा आगे बढ़ा है। पुरानी उपलब्धियों की चर्चा करने के साथ-साथ भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि 13 करोड़ लोगों के वोट काट दिए गए। हरियाणा में महिलाओं के साथ अपराध बढ़ा है। साथ ही कहा कि अग्निवीरों को नियमित नौकरी दी जाए।
यह भी पढ़ें: शादी के सीजन में नए नोटों की किल्लत, 2 हजार की गड्डी 2500 रुपये में बिक रही
भूपेंद्र हुड्डा का भाषण झूठ का पुलिंदा : ढांडा
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की कुछ ज्ञानवर्धक बातों को छोड़कर उनका पूरा भाषण झूठ का पुलिंदा था। ढांडा ने कहा कि कांग्रेस को लगता था कि उसकी सरकार कभी नहीं जाएगी, लेकिन उसका सूपड़ा साफ हो गया। ढांडा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के मामलों में उनकी पार्टी के नेताओं पर ही मुकदमे दर्ज हुए थे। कांग्रेस विधायकों के टोकने पर ढांडा ने कहा, हम तुम्हारी तरह चोर नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब कहा जाता था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को बांटने वाले बयान कांग्रेस के नेता देते हैं। ढांडा ने आगे कहा कि कांग्रेस धार्मिक मुद्दों को उलझाती है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कांग्रेस सरकार के समय कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है।
यह भी पढ़ें: कपालमोचन मेले का आगाज, 500 ड्रोन शो और 16 अमृत फार्मेसियों की सौगात
हरियाणा के जिले सबसे अधिक प्रदूषित : आफताब
कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा की स्थिति बदतर है। देश के सबसे ज्यादा प्रदूषित जिलों में हरियाणा के जिले सबसे अधिक हैं। प्रदूषित पानी से कैंसर जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं।
कांग्रेस विधायक निर्मल सिंह ने कहा कि संविधान के निर्माण में सभी का योगदान रहा है। पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी की नीतियों के चलते देश आत्मनिर्भर बना। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शासनकाल में हरियाणा नंबर एक पर था और यह रिकॉर्ड में दर्ज है।
भाजपा विधायक रणबीर गंगवा ने कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि 7 साल पहले आज ही के दिन उन्हें सदन में डिप्टी स्पीकर के तौर पर चुना गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को बात का बतंगड़ बनाना है। कांग्रेस की भाषा-शैली उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा की पहली मोबाइल टूरिस्ट पुलिस पोस्ट शुरू, श्रद्धालुओं को मिलेगी तुरंत मदद
जनादेश का सम्मान करना ही संविधान की मूल भावना: सीएम
सीएम ने कहा कि जनादेश का सम्मान करना ही संविधान की मूल भावना है। संविधान का हर समय इसका ध्यान रखना चाहिए। संविधान का मूल भाव है कि विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे। सीएम ने कहा कि संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है। प्रधानमंत्री ने संविधान का पालन करते हुए और उसकी मूल भावना का सम्मान करते हुए 'सबका साथ, सबका विकास' का विचार आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने 60 साल में निरंतर प्रगति की है।
अन्न भंडार भरने में सबसे बड़ा योगदान देने वाले राज्यों में हरियाणा शामिल है। कार, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर निर्माण में भी हरियाणा सबसे आगे है। देश के लिए गर्व की बात है। कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा में चली। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
सीएम ने कहा कि सरकार ने 206 पदक विजेता खिलाड़ियों को नौकरी दी व 12 साल में प्रदेश के 17 हजार 676 खिलाड़ियों को 931 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी दी गई है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 500 रुपए में गैस सिलेंडर और लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपए दिए जा रहे हैं। सीएम के भाषण के साथ सदन की कार्यवाही समाप्त हुई। अंत में उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा से हमें ज्ञान मिलता रहता है और आज भी मिला है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




