पैसे कमाने और उसे कई गुना बढ़ाने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। कोई जमीन खरीदता है, कोई सिल्वर या गोल्ड में निवेश करता है तो नए जमाने के लिए लोग क्रिप्टो में निवेश करते हैं। इस सबसे इतर एक शख्स ने 33 साल में करोड़ों गुना का मुनाफा कमा लिया है। इस शख्स ने सिर्फ 300 रुपये लगाए थे और अब 634 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। इस शख्स ने AI डॉट कॉम नाम का एक डोमेन खरीदा था। अब 33 साल बाद इसी डोमेन को एक क्रिप्टो फर्म को बेचकर 634 करोड़ कमा लिए हैं।
मलेशिया के रहने वाले अर्सयन इस्माइल ने साल 1993 में सिर्फ 100 डॉलर खर्च करे AI.com का डोमेन खरीदा था। तब के हिसाब से देखें तो लगभग 300 रुपये खर्च किए थे। आज के हिसाब से लगभग 9000 रुपये होते। अब यह डोमेन क्रिप्टो डॉट कॉम के सीईओ क्रिस मार्सजलेक ने 70 मिलियन डॉलर यानी लगभग 634 करोड़ रुपये में खरीद लिया है।
क्यों खरीदा था डोमेन?
रोचक बात है कि अर्सयन ने यह डोमेन अपनी मां के क्रेडिट कार्ड से खरीदे थे। एक और मजेदार बात है कि तब अर्सयन को ना तो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का कोई अंदाजा था और ना ही उनका ऐसा कोई प्लान था। उन्होंने तो बस अपने नाम के शुरुआती अक्षरों को मिलाया और अर्सयन के 'A' और इस्माइल के 'I' को लेकर यह डोमेन ले लिया।
यह भी पढ़ें: AI क्या असली इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन है या अगला डॉट कॉम बबल?
यह सब अर्सयन ने तब किया, जब मलेशिया में बहुत सारे लोगों के पास इंटरनेट तक नहीं था। हालांकि, इन 33 सालों में दुनिया बदल चुकी है और अब AI का जमाना है। वैसे भी दो लेटर वाले डोमेन बेहद खास माने जाते हैं। इसका असर भी देखा जा रहा है और यह वेबसाइट बहुत कम समय में चर्चा में आ गई है। शुरुआती कुछ घंटों में तो ज्यादा ट्रैफिक के चलते यह क्रैश भी हो गई थी।
इस वेबसाइट पर होता क्या है?
हाल ही में क्रिप्टो डॉट कॉम ने इस वेबसाइट को लॉन्च किया। यह वेबसाइट एजेंट आधारित AI का एक प्लेटफॉर्म है जहां आपके AI एजेंट्स तमाम ऐप्स पर आपके लिए काम कर सकते हैं। आपको अपने तमाम ऐप्स का ऐक्सेस इसे देना होगा और आपका AI एजेंट आपके लिए काम करेगा। इतना ही नहीं, यह AI एजेंट दूसरे एजेंट्स से भी बातचीत कर सकेगा और खुद में सुधार लाता रहेगा।
इस वेबसाइट पर मिलने वाले AI एजेंट्स की एक खूबी यह बताई जा रही है कि जिस काम में इसे समस्या आएगी, उसे ये खुद ही ठीक भी कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें: AI किसे करेगा बेरोजगार, किसकी बचेगी नौकरी? माइक्रोसॉफ्ट की रिपोर्ट में खुलासा
कंपनी का कहना है कि ये AI आपके लिए स्टॉक खरीद सकते हैं, आपके हर दिन के काम का रूटीन बना सकते हैं, कैलेंडर तैयार कर सकते हैं, वर्कफ्लो को ऑटोमेट कर सकते हैं और यहां तक कि आपके डेटिंग प्रोफाइल को भी मैनेज कर सकते हैं।
मौजूदा वक्त में अगर आप इस वेबसाइट पर जाएंगे तो साइन अप और लॉगइन के ऑप्शन मिलेंगे। गूगल अकाउंट की मदद से आप आगे बढ़ेंगे तो आपको दो हैंडल बनाने होंगे। एक हैंडल आपका और दूसरा आपके AI एजेंट का होगा। इसके बाद आप क्रेडिट कार्ड डीटेल डालकर इस पर अपना अकाउंट बना सकते हैं।
