ऑस्ट्रेलियाई डिजाइन प्लेटफॉर्म कैनवा बड़ी छंटनी की तैयारी में है। कंपनी की सह-संस्थापक और सीईओ मेलानी पर्किन्स ने 4 नवंबर को कर्मचारियों को ईमेल भेजकर बताया कि 1,271 कर्मचारियों की छंटनी होने वाली है। कंपनी अपने 22 फीसदी स्टाफ को कम करने वाली है।
मेलानी पर्किन्स के मुताबिक कुछ कर्मचारियों की भूमिका बदलेगी या उन्हें सेंट्रल हब में जाने को कहा जाएगा। कुछ कर्मचारियों को कंपनी छोड़नी भी होगी। कैनवा के 13 साल के इतिहास में यह पहली बड़ी छंटनी है। सीईओ का यह ईमेल बाद में कंपनी की वेबसाइट पर भी प्रकाशित किया गया है। कैनवा का भारत में कोई ऑफिस नहीं है लेकिन लाखों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं।
यह भी पढ़ें: पहले बंद किया एक्सेस फिर आया मेल, Oracle में फिर शुरू हुई छंटनी
क्यों छंटनी पर उतरा है कैनवा?
मेलानी पर्किन्स ने ईमेल में कहा कि कंपनी का विकास एक दशक में पहली बार धीमा हुआ है और यह कंपनी का अब तक का सबसे मुश्किल साल रहा है। उन्होंने इसे कंपनी के 13 साल के इतिहास का सबसे कठिन दौर बताया।
अगस्त में कंपनी ने अपने रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान 30 फीसदी से घटाकर 20 फीसदी किया था। मेलानी पर्किन्स ने कहा कि छोटे बदलाव काफी नहीं थे और कंपनी को छोटी टीमों वाले अपने शुरुआती ढांचे की ओर लौटना है, जहां टीमें खुद फैसले लें और काम की जिम्मेदारी संभालें।
यह भी पढ़ें: KPMG ने 10 फीसदी ऑडिट पार्टनर्स की कर दी छंटनी, वजह क्या रही?
किन बदलावों को अमल में लाएगी कंपनी?
कंपनी ने तीन बड़े बदलाव बताए हैं। पहला, प्रोडक्ट, ग्रोथ और प्लेटफॉर्म टीमों को मिलाकर एक प्रोडक्ट ऑर्ग बनाया जाएगा, ताकि काम के ट्रांसफर कम हों और टीमों को ज्यादा अधिकार मिलें। दूसरा, कंपनी कम विशेषज्ञता वाले रोल को मिलाकर बड़ी जिम्मेदारियों को सौंपेगी। एक जैसी जिम्मेदारियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाया जाएगा, अलग-अलग मैनेजमेंट को कम करने पर जोर दिया जाएगा। इसका मकसद टीमों को किसी प्रोजेक्ट की शुरू से अंत तक जिम्मेदारी देना है। तीसरा, सिडनी कई प्रोडक्ट टीमों और कुछ अन्य भूमिकाओं का मुख्य केंद्र होगा। जनवरी से ज्यादातर हाइब्रिड कर्मचारियों को ट्रांसफर और उनके पद के हिसाब से हफ्ते में दो से तीन दिन ऑफिस से काम करना होगा। जिन कर्मचारियों को दूसरी जगह जाने को कहा जाएगा, उन्हें कंपनी मदद देगी।
जिन्हें बाहर निकालेगा कैनवा, उन्हें मिलेगा क्या?
जो कर्मचारी जा रहे हैं, उन्हें एक सपोर्टिंग पैकेज भी मिलेगा। इसमें कम से कम 6 महीने की सैलरी दी जाएगी। 12 महीने की हेल्थकेयर, मैकबुक रखने की इजाजत मिलेगी। करियर कोचिंग, लिंक्डइन प्रीमियम, और हाल में जॉइन करने वालों के लिए वेस्टिंग क्लिफ मिल सकात है। कैनवा कलेक्टिव फंड के तहत निकलने वाले कर्मचारियों को अपना स्टार्टअप या प्रोजेक्ट शुरू करने के लिए 10,000 डॉलर तक का ग्रांट भी दिया जाएगा, जिसमें कंपनी कोई इक्विटी नहीं लेगी।
