दिल्ली-NCR में एक बार फिर कम्पैक्ट नेचुरल गैस (CNG) की कीमतें एक रुपये बढ़ा दी गईं हैं। अब दिल्ली में एक किलो CNG की कीमत 80.09 रुपये हो गई है। नोएडा-गाजियाबाद में सीएनजी अब 88.70 प्रति किलो की दर से मिल रही है। यह दो दिनों में दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। आने वाले दिनों में CNG की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं।
दुनिया में पेट्रोलियम संकट अब गहराता जा रहा है। पश्चिम एशिया में मची अशांति का असर भारत पर दिख रहा है। भारत का पेट्रोलियम रिजर्व भी अब प्रभावित हो रहा है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान और अमेरिका, दोनों की नाकेबंदी की वजह से तेल का आना-जाना आसान नहीं है। दोनों देश, अभी स्थाई संघर्ष विराम समझौते पर जाते भी नजर नहीं आ रहे हैं। स्थितियां तनावपूर्ण हैं।
यह भी पढ़ें: आपके शहर में कितने रुपये में मिल रहा है पेट्रोल और डीजल? नई दरों पर सियासत तेज
15 मई को भी बढ़ी थी कीमतें
शुक्रवार को सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी। तब भी कहा जा रहा था कि एक बार फिर किराया महंगा हो सकता है। दिल्ली में कुछ दिन पहले ही पेट्रोल की कीमत 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 94.77 रुपये से 97.77 रुपये कर दी गई है। डीजल भी 3 रुपया महंगा हुआ है। अब डीजल 90.67 प्रति लीटर मिल रहा है।
अब आगे क्या?
दिल्ली ऑटो रिक्शा यूनियन और दिल्ली प्रदेश टैक्सी यूनियन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर किराया बढ़ाने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि किराया संशोधन से ड्राइवरों पर आर्थिक दबाव कम होगा। यात्रियों के साथ किराए को लेकर झगड़े भी कम होंगे।
यह भी पढ़ें: डीजल-पेट्रोल और CNG के दाम बढ़े, अब दिल्ली में हाइड्रोजन से चलेगी बस
क्या चाहते हैं ड्राइवर?
टैक्सी और ऑटो रिक्शा यूनियन की मांग है कि पहले 1.5 किलोमीटर का न्यूनतम किराया 30 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये किया जाए। इसके बाद प्रति किलोमीटर किराया 11 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये कर दिया जाए। प्रति मिनट वेटिंग चार्ज 1 रुपये और सामान के लिए अतिरिक्त 25 रुपये का शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा गया है।
