गूगल बॉय के नाम से मशहूर हरियाणा के कौटिल्य पंडित एक बार फिर चर्चा में हैं। पहली बार वह चर्चा में तब आए थे जब वह अमिताब बच्चन के मशहूर शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में हॉट सीट पर बैठे थे। कौटिल्य को गूगल बॉय के नाम से इसलिए जाना जाता है क्योंकि पांच साल की उम्र में ही उन्होंने बहुत सारी चीजें याद कर ली थीं। अब उनकी उम्र 17 साल हो गई है और इस छोटी उम्र में ही अब वह दुनिया की टॉप यूनिवर्सिटीज में से एक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ फिजिक्स की पढ़ाई करने जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें 25 लाख की स्कॉलरशिप भी मिली है।
अपनी इस उपलब्धि पर कौटिल्य ने एक वीडियो जारी कर कहा है, 'हर बच्चे में समान क्षमता होती है, बस सही दिशा और ध्यान की जरूरत होती है। अगर कोई फोकस करे तो अपनी मंजिल जरूर पा सकता है।' बता दें कि कौटिल्य ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की है और अब ऑक्सफोर्ड में फिजिक्स की पढ़ाई करेंगे। कौटिल्य ने बताया कि फिजिक्स उनका पसंदीदा सब्जेक्ट रहा है। ऑक्सफोर्ट में वह प्लाजा फिजिक्स, डार्क मैटर, पार्टिकल थ्योरी और AI फॉर ह्यूमैनिटी में रिसर्च करेंगे। कौटिल्य ने खुद को भाग्यशाली बताया और लोगों को उनके प्यार के लिए शुक्रिया भी कहा।
कैसे पहुंचे ऑक्सफॉर्ड?
ऑक्सफॉर्ड इंग्लैंड में स्थित दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटीज में से एक है। कौटिल्य ने खुद बताया कि उन्हें इस यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए कई स्टेप्स से गुजरना पड़ा। उन्होंने 12वीं की परीक्षा पास करने के साथ-साथ ऑक्सफॉर्ड की एडमिशन प्रोसेस में भी हिस्सा लिया। इसके लिए उन्होंने पहले फिजिक्स का टेस्ट दिया।
इस टेस्ट में अच्छा स्कोर करने के बाद उन्होंने तीन इंटरव्यू पास किए। ये तीनों इंटरव्यू अलग-अलग कॉलेजों में हुए हैं। इन तीनों इंटरव्यू में आईक्यू से लेकर फिजिक्स की नॉलेज और रिसर्च एप्टीट्यूड तक कई विषयों से जुड़े सवाल पूछे गए। इन सभी चरणों को पार करने के बाद अगस्त में कौटिल्य को ऑफिशियल एडमिशन लेटर मिल गया था और अक्टूबर में उनकी क्लास ऑक्सफॉर्ड यूनिवर्सिटी में शुरू होने जा रही है।
कौन हैं कौटिल्य पंडित?
कौटिल्य पंडित का जन्म 24 दिसंबर 2007 में हरियाणा के करनाल जिले के कोहंड गांव में हुआ। बचपन से ही वह ऐसे सवालों के जवाब दे देते थे जिनके जवाब बडे़-बड़े लोग नहीं दे पाते थे। उन्होंने महज पांच साल की उम्र में देशभर में अपनी पहचान बना ली थी। मशहूर टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति में अमिताब बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे थे। वहां जिन सवालों के जवाब उन्होंने दिए उन सवालों के जवाब बड़े-बड़े लोगों को नहीं पता थे। यहां से लोगों ने उनकी प्रतिभा देखी और इसके बाद वह गूगल बॉय के नाम से मशहूर हो गए। इसके बाद उन्होंने कई जगह इंटरव्यू दिए, जिन्हें करोड़ों लोगों ने पसंद किया।
कौटिल्य के बारे में रोचक तथ्य
कौटिल्य को किताबें पढ़ना बहुत पसंद है। उन्होंने अब तक 100 से ज्यादा किताबें पढ़ी हैं। इनमें ग्रंथ, विज्ञान, इतिहास, समाज दर्शन और लोकप्रिय विज्ञान से जुड़ी पुस्तकें शामिल हैं। कौटिल्य सिर पर चाणक्य के जैसे चोटी रखते हैं क्योंकि वह चाणक्य से बहुत ज्यादा प्रभावित हैं और उनके जैसा बनना चाहते हैं। चाणक्य भारत के एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री थे। कौटिल्य जब आठवीं क्लास में थे तब 12वीं क्लास के बच्चों को फिजिक्स पढ़ाते थे। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने परीक्षण के बाद कौटिल्य पंडित की बुद्धि का लेवल यानी आईक्यू लेवल 130-150 के बीच होने की बात कही थी। यह लेवल असाधारण से लेकर जीनियस की कैटेगरी में आता है। कौटिल्य की फोटोग्राफिक याददाश्त बहुत तेज है। वह किसी भी चीज को एक बार देखने के बाद हमेशा के लिए याद रख लेते हैं।
अब तक मिल चुके हैं कई सम्मान
कौटिल्य को देश विदेश में अब तक कई सम्मान मिल चुके हैं। वह देश के पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम से लेकर मौजूदा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तक कई बड़ी हस्तियों से मुलाकात कर चुके हैं। दुबई सरकार ने उन्हें टॉप 10 स्कूलों में दौरा करने और छात्रों को संबोधित करने के लिए बुलाया था। उन्हें ग्लोबल चाइल्ड प्रॉडिजी अवार्ड भी मिला है। देश के कई बड़े नेता उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। लंदन की संसद ने उन्हें भारत गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया था। वह कपिल शर्मा शो में भी हिस्सा ले चुके हैं।