भारत में पढ़ाई करने के बजाय विदेश की यूनिवर्सिटीज में दाखिला लेना आज भी लाखों भारतीय युवाओं का सपना है। हर साल भारत से हजारों युवा हायर एजुकेशन के लिए विदेश जाते हैं। इनमें से ज्यादातर युवा अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों का रुख करते हैं। लेकिन यह सिक्के का सिर्फ एक पहलू है। भारत की यूनिवर्सिटीज में भी नेपाल, अफगानिस्तान, अमेरिका, बांग्लादेश, नाइजीरिया और कई अफ्रीकी देशों के युवा हायर एजुकेशन के लिए पहुंचते हैं। भारतीय शिक्षा संस्थानों की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 2023-24 में भारत में 173 देशों के 58,134 विदेशी छात्र पढ़ाई कर रहे थे। यह संख्या पांच साल पहले के मुकाबले करीब 19 फीसदी ज्यादा है।
केंद्रयी शिक्षा मंत्रालय के AISHE 2023-24 आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी छात्रों को आकर्षित करने वाले राज्यों में कर्नाटक पहले स्थान पर है। यहां 7,914 विदेशी छात्र पढ़ रहे थे। इस रिपोर्ट में पंजाब 7,902 छात्रों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। महाराष्ट्र में 6,190, उत्तर प्रदेश में 5,953 और तमिलनाडु में 5,694 विदेशी छात्र दर्ज किए गए। यानी विदेशी युवाओं के लिए भारत में पढ़ाई का मतलब सिर्फ दिल्ली या मुंबई जैसे बड़े शहर नहीं हैं। पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्य भी आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली समेत तीन शहरों में होगा स्टडी UK एजुकेशन फेयर 2026, बिचौलियों का काम खत्म
किन देशों से आ रहे छात्र?
विदेशी छात्रों के आने के मामले में नेपाल सबसे आगे है। 2023-24 में भारत आने वाले विदेशी छात्रों में 24.1 फीसदी नेपाल से थे। इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से 7 फीसदी, अमेरिका और बांग्लादेश से 5.9-5.9 फीसदी, नाइजीरिया से 5.5 फीसदी और जिम्बाब्वे से 4 फीसदी छात्र आए। इसके अलावा तंजानिया, सूडान, भूटान और अफगानिस्तान जैसे देशों के छात्र भी भारत में हायर एजुकेशन हासिल कर रहे हैं।
कौन से कोर्स पसंद कर रहे विदेश छात्र?
भारत आने वाले विदेशी छात्रों की पसंद में प्रोफेशनल कोर्स सबसे आगे हैं। AISHE 2021-22 के मुताबिक, विदेशी छात्रों में सबसे ज्यादा 11,461 विद्यार्थी बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (B.Tech) में रजिस्टर्ड थे। इसके बाद 3,346 छात्र बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) और 3,289 छात्र बैचलर ऑफ साइंस (B.Sc.) की पढ़ाई कर रहे थे। मेडिकल, फार्मेसी, मैनेजमेंट और रिसर्च के क्षेत्र में भी विदेशी छात्रों की दिलचस्पी है।
किन संस्थानों में आ रहे विदेशी छात्र?
भारत के प्रमुख हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISc), जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU), जामिया मिल्लिया इस्लामिया, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), दिल्ली यूनिवर्सिटी और मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन जैसे संस्थान शामिल हैं। NIRF 2024 की यूनिवर्सिटी रैंकिंग में IISc पहले, JNU दूसरे, जामिया तीसरे, मणिपाल चौथे और BHU पांचवें स्थान पर था। ये संस्थान शिक्षा, रिसर्च और अकादमिक पहचान के लिहाज से देश के प्रमुख केंद्र हैं।
यह भी पढ़ें: प्लान रेडी, अमेरिका को भेजा, सिर्फ टाइमिंग का इंतजार; युद्ध पर अमादा नेतन्याहू
'स्टडी इन इंडिया' प्रोग्राम
भारत सरकार भी देश को अंतरराष्ट्रीय शिक्षा केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए 2018 में 'स्टडी इन इंडिया' प्रोग्राम शुरू किया गया था। इसके तहत विदेशी छात्रों को भारतीय संस्थानों में दाखिला लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। शिक्षा मंत्रालय के 2025-26 के टारगेट के मुताबिक, इस कार्यक्रम के तहत 52 देशों तक पहुंच बनाने, 700 संस्थानों को जोड़ने और 7,000 विदेशी छात्रों को एडमिशन दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। भारत में कई शिक्षण संस्थानों में लगातार विदेशी छात्रों की संख्या बढ़ती जा रही है लेकिन भारतीय छात्रों का क्वालिटी एजुकेशन के लिए विदेशी संस्थानों का रुख करना एक कड़वी सच्चाई आज भी बना हुआ है।
