नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET 2026) परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का संदेह जताया जा रहा है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की जांच में पता चला है कि परीक्षा से पहले हाथ से लिखा एक गेस पेपर कुछ ग्रुप में घूम रहा था, जिसमें से 140 सवाल असली परीक्षा में ठीक वैसे ही आए। इन सवालों के कुल 600 अंक थे।

NEET परीक्षा कुल 720 अंक की होती है। यह गेस पेपर 1 मई को राजस्थान के सीकर में सबसे पहले फैलना शुरू हुआ। इसे छात्रों को 20 हजार से 2 लाख रुपये तक में बेचा गया। परीक्षा से एक दिन पहले इसकी कॉपी 30 हजार रुपये में मिल रही थी। 

यह भी पढ़ें: 'पैसे दो, डॉक्टर बनो', NEET केस में सॉल्वर माफिया का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

कैसे राज खुला?

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह पेपर, केरल के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ने अपने एक दोस्त को भेजा था। छात्र का दोस्त, सीकर का रहने वाला है। इसके बाद यह PG हॉस्टल, कोचिंग सेंटर और सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

पुलिस क्या जांच कर रही है?

पुलिस को शक है कि यह सिर्फ सटीक गेस पेपर था या असली पेपर लीक का हिस्सा था। कई सवालों के विकल्पों का क्रम भी बिल्कुल एक जैसा था। पूरा गेस पेपर, हाथ से लिखा गया था। लिखावट भी एक जैसी ही है। 300 से ज्यादा कुल सवाल इसमें लिखे गए थे।

यह भी पढ़ें: NEET में कम स्कोर के कारण MBBS में नहीं मिला एडमिशन, तो ये कोर्स बेस्ट ऑप्शन

NTA ने क्या कहा है?

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कहा है कि परीक्षा के चार दिन बाद इस बारे में जानकारी मिली थी। अब NTA राजस्थान पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आएगी।

 

 

पहले भी पेपर लीक पर हुआ था बवाल

साल 2024 में बिहार में NEET पेपर लीक हुआ था, जिसके बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की प्रक्रिया पर सवाल उठे थे। पूरे देश में छात्र गुस्से में थे और सड़कों पर उतरे थे। गिरोह के तार झारखंड तक जुड़े थे, कई गिरफ्तारियां भी हुईं थीं। अब एक बार फिर ऐसा ही विवाद बढ़ता नजर आ रहा है।