केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ चार्जशीट दायर की है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पहली बार सरकार बनी थी, अब पश्चिम बंगाल की बारी है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार जाएगी और बीजेपी प्रचंड बहुमत से सरकार बना रही है।
अमित शाह ने कहा, '6 मई को पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी और 45 दिन में सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जो भूमि उपलब्ध करानी है, वह भारत सरकार को बंगाल की बीजेपी सरकार उपलब्ध करा देगी और हम घुसपैठ को रोकेंगे।'
यह भी पढ़ें: कूच बिहार: बंगाल में BJP के गढ़ वाला जिला, TMC के लिए चुनौती
अमित शाह:-
बंगाल में चुनाव की घोषणा हो चुकी है और भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता हमारे प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में बंगाल में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए बड़े आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में हैं। बंगाल का ये चुनाव बंगाल के लिए महत्वपूर्ण है ही है लेकिन पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है।
'TMC के खिलाफ जनता के मुद्दे को आवाज देंगे'
अमित शाह ने कहा, 'पूरे देश की सुरक्षा बंगाल चुनाव के साथ एक प्रकार से जुड़ी हुई है। बीजेपी ने तय किया है कि TMC के शासन के खिलाफ जनता के जो मुद्दे हैं इसको आवाज देना और बंगाल के चुनाव में ये जो पूरी अराजकता TMC के शासन में फैली है इसका हम क्या हल लेकर आएंगे इसका हम जवाब भी लेकर आएंगे।'
यह भी पढ़ें: बीरभूम: अंगद जैसे जमे हैं TMC के पांव, कैसे हिला पाएगी BJP?
'TMC के 15 साल के खिलाफ हमारी चार्जशीट'
अमित शाह ने कहा, 'आज की प्रेस वार्ता TMC के 15 साल के शासन के खिलाफ हमारा चार्जशीट ये आज की प्रेस वार्ता का मुद्दा है। ये चार्जशीट बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी के खिलाफ लगाया हुआ चार्जशीट है जिसको बीजेपी एक आवाज दे रही है।'
'विक्टिम पॉलिटिक्स खेलती हैं ममता बनर्जी'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'ममता बनर्जी ने हमेशा विक्टिम कार्ड की पॉलिटिक्स खेली हैं। कभी उनका पैर टूट जाता है, कभी उनके सिर पर पट्टी बंध जाती है, कभी वह बीमार पड़ जाती हैं, और कभी वह चुनाव आयोग के सामने खड़ी होकर बेबसी का नाटक करती हैं और चुनाव आयोग को गालियां देती हैं। लेकिन मैं उन्हें यह बताने आया हूं कि बंगाल के लोग अब विक्टिम कार्ड की इस पॉलिटिक्स को अच्छी तरह समझ चुके हैं।'
'15 साल के कारनामों का कच्चा चिट्ठा'
अमित शाह ने कहा, 'यह चार्जशीट, टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है। सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाकर सिंडिकेट राज स्थापित कर बंगाल की जनता का शोषण करने वाले शासन की कहानी है। टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं। विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से कब्रिस्तान बन चुका है।'
