असम में विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस के अंदर उथल-पुथल मची हुई है। हार मिलने के बाद कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कहा कैप्टन होने के नाते हार की जिम्मेदारी लेता हूं। साथ ही कहा कि जनता के अधिकारों और सम्मान के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। 

 

उन्होंने कहा, 'हम लोगों का आदेश मानते हैं। हम उन लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमें वोट दिया और हमारा समर्थन किया। कांग्रेस उन लोगों तक पहुंचेगी जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया। हम जमीनी स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा करते हैं जो मुश्किलों का सामना करने के बाद भी हमारे साथ खड़े हैं। हमने एक नई कांग्रेस देखी है।'

 

यह भी पढ़ें: '5 करोड़ नहीं दिए तो टिकट नहीं मिला', TMC के हारते ही मनोज तिवारी ने लगाए आरोप

कांग्रेस के 126 में महज 19 विधायक

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को इस बार केवल 19 सीटें मिलीं हैं। कांग्रेस का यह असम में अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है। पिछली बाद कांग्रेस ने 26 सीटें जीती थीं। गौरव गोगोई खुद जोरहाट विधानसभा से अपनी सीट हार गए। उन्हें बीजेपी के हितेन्द्र नाथ गोस्वामी ने 23,000 से अधिक वोटों से चुनाव हरा दिया।

 

 

 

क्या बोले गौरव गोगोई?

गौरव गोगोई ने आगे कहा, 'मैं मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जितेंद्र सिंह और दूसरे कांग्रेस नेताओं का शुक्रिया अदा करता हूं। हमें उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिलीं। लेकिन हम विधानसभा के अंदर और बाहर असम के विकास के लिए अपने सुझाव देंगे। हम हमेशा असम के आम लोगों के साथ खड़े रहेंगे।'

9 मई को होगी नए विधायकों की बैठक

उन्होंने कहा कि लोगों ने इस नतीजे को स्वीकार नहीं किया है। हमें लगा था कि मुकाबला कांटे का होगा। लेकिन कई सीटों पर जो नतीजे आए हैं, वे सोचने वाले हैं। गोगोई ने बताया कि शनिवार (9 मई) को हम पार्टी के चुने गए नए विधायकों के साथ बैठक करेंगे। 

 

यह भी पढ़ें: 'मैं इस्तीफा नहीं दूंगी', हार के बाद ममता बनर्जी का बड़ा एलान

 

उन्होंने कहा, 'असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में मैं इस हार की नैतिक जिम्मेदारी लेता हूं। लेकिन विचारों की इस लड़ाई में हम हमेशा अडिग रहेंगे और जनता के अधिकारों व सम्मान के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। भविष्य में पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे निभाने के लिए मैं तैयार हूं।'

हार के कारणों का होगा विश्लेषण

गोगोई ने कहा कि कांग्रेस अपनी हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और मजबूत टीम के साथ जनता के बीच वापस आएगी। गौरव गोगोई तीन बार के सांसद हैं और उन्होंने 2024 के आम चुनाव में जोरहाट लोकसभा सीट से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि जनादेश के अनुरूप कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाएगी, सरकार के अच्छे कार्यों में सहयोग करेगी और जनविरोधी नीतियों का विरोध करेगी।