पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने प्रचंड बढ़त हासिल कर ली है। यह पहली बार होगा जब बीजेपी पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। कई दशकों का लंबा इंतजार खत्म हो गया। बंगाल में बीजेपी की जीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम दिग्गज नेताओं की भूमिका अहम है, लेकिन पांच ऐसे चेहरे हैं, जिन्होंने पर्दे के पीछे से चुनावी रणनीति बनाई और बीजेपी को ऐतिहासिक जीत तक पहुंचाया। आइये जानते हैं इनके बारे में-
सुनील बंसल: बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल अक्सर पर्दे के पीछे से अपनी चुनावी रणनीति के माध्यम से सियासी समीकरण बदलने की ताकत रखते हैं। बंगाल में उन्होंने संगठन प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली। चुनाव से पहले संगठन में न केवल तालमेल बढ़ाया, बल्कि उसे मजबूत भी किया। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि बंसल ने बूथ स्तर पर मैनेजमेंट का काम देखा। उनकी इसी रणनीति के आगे टीएमसी मात खा गई।
यह भी पढ़ें: थलपति विजय के वे 15 वादे, जिन्होंने बदल दिया सियासी समीकरण; WYF फैक्टर क्या है
मंगल पांडे: भाजपा ने इन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभारी बनाया। मंगल पांडे ने बंगाल में जाकर सियासी जमीन तैयार की। पार्टी की कमजोरियों पर काम किया और संगठन में तालमेल बढ़ाया।
भूपेंद्र यादव: बीजेपी ने बंगाल का चुनाव प्रभारी बनाया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को कुशल चुनाव रणनीतिकार माना जाता है। बंगाल में रहकर सियासी जमीन तैयार की। उन मुद्दों पर फोकस किया, जो पार्टी को जीत दिला सकते हो। बता दें कि बंगाल से पहले भूपेंद्र यादव 2013 में राजस्थान, 2014 में झारखंड, 2017 में गुजरात और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी को अपनी रणनीति से जीत दिला चुके हैं। 2023 में भूपेंद्र यादव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया। यहां भी पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की। हरियाणा और महाराष्ट्र में बीजेपी की जीत में भूपेंद्र यादव ने अहम भूमिका निभाई थी।
बिप्लब कुमार देब: त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को भूपेंद्र यादव के साथ बंगाल का सह-प्रभारी बनाया गया था। पार्टी की जीत में बिप्लब का योगदान अहम है। उन्होंने भूपेंद्र यादव के साथ मिलकर चुनावी रणनीति तय की। केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय किया।
यह भी पढ़ें: सीवान में शहाब पर शिकंजा, विधायक ओसामा के ठिकानों पर पुलिस की बड़ी रेड
सामिक भट्टाचार्य: बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत में सामिक भट्टाचार्य की अहम भूमिका है। वह बंगाल बीजेपी के 11वें अध्यक्ष हैं। उनकी अध्यक्षता में पहली बार बीजेपी प्रदेश में सरकार बनाएगी। इससे पहले वह तीन बार बंगाल महासचिव रहे। असम में जन्मे भट्टाचार्य के पास बंगाल की सियास की अच्छी समझ है। प्रत्याशियों के चयन और नेताओं के तालमेल में सामिक ने अहम रोल निभाया था।
