सिकटी विधानसभा सीट बिहार के अररिया जिले में पड़ती है। पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2020 में यहां भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को जीत मिली थी। सीमांचल क्षेत्र में आने वाली यह विधानसभा सीट राजधानी पटना से लगभग 257 किमी दूरी पर स्थित है। यहां के ढेंगरी गांव में एक प्राचीन दुर्गा मंदिर है। नवरात्र के अवसरों में यहां विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। मंदिर की स्थापना 1860 में की गई थी। यहां के डुमरी पंचायत में सुंदरनाथ धाम शिव मंदिर भी है। मंदिर में बड़ी संख्या में नेपाल से श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं। सिकटी विधानसभा के अलावा तहसील भी है। यह कुल 256.7 वर्ग किमी के क्षेत्रफल में फैला है। 

 

सिकटी विधानसभा सीट बीजेपी के लिए काफी अहम है। बीजेपी नेता विजय कुमार मंडल यहां से दूसरी बार विधायक हैं। दोनों ही चुनाव में उनका सामना राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रत्याशी शत्रुघ्न प्रसाद सुमन से हुआ था। 2010 के विधानसभा चुनाव में विजय कुमार मंडल ने लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) की टिकट पर चुनाव लड़ा था। मगर उन्हें BJP प्रत्याशी आनंदी प्रसाद यादव ने हरा दिया। पिछले 15 साल से इस सीट पर बीजेपी का कब्जा है। साल 2000 में बीजेपी के आनंदी प्रसाद यादव चुनाव जीते। 2005 के फरवरी में मुरलीधर मंडल ने निर्दलीय और अक्तूबर में जेडीयू की टिकट पर दोबारा विधायक बने। 

 

यह भी पढ़ें: धमदाहा विधानसभा: छठा चुनाव जीतेंगी लेशी सिंह या इस बार होगा बदलाव?

मौजूदा समीकरण

सिकटी विधानसभा सीट में कुशवाहा, महादलित, यादव और मुस्लिम मतदाताओं को दबदबा है। ओबीसी और सवर्ण मतदाताओं का समीकरण इस सीट को दिलचस्प बनाता है। बीजेपी को जहां सवर्ण और ओबीसी व महादलित वोटों तो वहीं आरजेडी को यादव और मुस्लिम मतदाताओं पर भरोसा है। मगर चार चुनाव में जीत हासिल करने वाली बीजेपी के सामने अपनी सीट बचाने की चुनौती है। दूसरी तरफ आरजेडी के पास पहली जीत दर्ज करने का अवसर है।

 

2020 विधानसभा चुनाव का परिणाम

2020 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी विजय कुमार मंडल को जीत मिली। उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी शत्रुघ्न प्रसाद सुमन को 13610 मतों से हराया था। विजय कुमार मंडल को 84128 और शत्रुघ्न को 70518 मत मिले थे। कुल 14 प्रत्याशियों ने किस्मत आजमाई थी। विकासशील इंसान पार्टी के प्रत्याशी लुकमान को सिर्फ 229 वोट मिले थे।

 

 

यह भी पढ़ें: सुगौली विधानसभा: 3 बार जीत की हैट्रिक लगा चुकी BJP, RJD को टक्कर देगी?

मौजूदा विधायक का परिचय

विजय कुमार मंडल बीजेपी की टिकट पर दूसरी बार के विधायक हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, मंडल ने खेती को अपना पेशा बताया है। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। 1984 में उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय अररिया से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की। बीजेपी विधायक के पास एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है और कोई देनदारी नहीं है। कुर्साकांटा थाना में उनके खिलाफ एक मामला भी दर्ज है।

 

सीट का इतिहास

सिकटी विधानसभा सीट पहली बार 1977 में अस्तित्व में आई। पहली बार यहां से मोहम्मद अजीमउद्दीन निर्दलीय विधायक बने। 1990 में जनता दल की टिकट पर मोहम्मद अजीमुद्दीन दोबारा विधानसभा चुनाव जीते। अब तक यहां 11 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। सबसे अधिक चार बार बीजेपी, तीन बार कांग्रेस, दो बार निर्दलीय और जनता दल और जेडीयू एक-एक बार चुनाव जीत चुकी है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को अभी तक यहां जीत नहीं मिली है। 
 

कब-कौन जीता?
साल विजेता पार्टी
1977 मोहम्मद अजीमुद्दीन निर्दलीय
1980 शीतल प्रसाद गुप्ता कांग्रेस
1985 रामेश्वर यादव कांग्रेस
1990 मोहम्मद अजीमुद्दीन जनता दल
1995 रामेश्वर यादव कांग्रेस
2000 आनंदी प्रसाद यादव बीजेपी
2005 (फरवरी) मुरलीधर मंडल निर्दलीय
2005  (अक्टूबर) मुरलीधर मंडल जेडीयू
2010 आनंदी प्रसाद यादव बीजेपी
2015 विजय कुमार मंडल बीजेपी
2020 विजय कुमार मंडल बीजेपी

 

नोट: डेटा चुनाव आयोग