तृणमूल कांग्रेस (TMC) से निकाले गए हुमायूं कबीर इस बार अपनी नई पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) लेकर चुनावी मैदान में उतरे हैं। पश्चिम बंगाल के पहले चरण की वोटिंग से ठीक पहले हुमायूं कबीर का कहना है कि उन्होंने 142 कैंडिडेट उतारे थे लेकिन अब उनके 117 उम्मीदवार ही बचे हैं। हुमायूं कबीर के मुताबिक, TMC उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को खरीद रही है और अभी तक 25-26 कैंडिडेट पैसे लेकर टीएमसी में चले गए हैं। हुमायूं कबीर ने यह भी कहा है कि टीएमसी करोड़ों रुपये लेकर विधानसभा चुनाव का टिकट बेच रही है। उन्होंने कुछ उम्मीदवारों के नाम लेकर आरोप लगाए हैं कि उन नेताओं ने करोड़ों रुपये देकर TMC का टिकट लिया है।
हुमायूं कबीर ने इस चुनाव में अपनी नई पार्टी को लेकर कहा है कि उन्हें सिर्फ 4 महीने में ही जबरदस्त समर्थन मिला है जबकि 4 महीने का बच्चा तो सही से खाना भी नहीं खा पाता है। तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी को आड़े हाथ लेते हुए हुमायूं कबीर ने कहा है कि उन्हें तो करारा जवाब मिलेगा। खुद पर बीजेपी या टीएमसी की बी टीम होने के आरोपों पर हुमायूं कबीर का कहना है कि वह किसी की भी बी या सी टीम नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: पहले हाथ में लेकर घूमे, अब ऑन कैमरा खाई, बंगाल में तेज हुई 'मछली पॉलिटिक्स'
क्या बोले हुमायूं कबीर?
नई पार्टी के बारे में हुमायूं कबीर ने कहा है, '31 दिसंबर 2025 को मेरी पार्टी बनी और 24 मार्च 2026 को पार्टी का सिंबल मिला। पार्टी बनाने के बाद मेरे खिलाफ बहुत आवाज उठी। कोई कह रहा था कि इनको पार्टी का सिंबल ही नहीं मिला। फिर भी मैंने करके दिखाया। कोई बच्चा पैदा होता है तो 4-5 महीने में सिर्फ हाथ-पैर चलाते हैं, खाना भी खुद से नहीं खा पाते हैं। मेरी 4 महीने 24 दिन में मेरी पार्टी को बहुत समर्थन मिला। मैंने 142 उम्मीदवार खड़े किए। 25-26 उम्मीदवार टीएमसी से पैसे लेकर भाग गए लेकिन मुझे कोई दिक्कत नहीं आई। अब मेरे पास 117 उम्मीदवार हैं। मेरे ख्याल से पहले चरण में हमारी पार्टी के 78 उम्मीदवार हैं।'
उन्होंने आगे कहा, '4 जन भाग गए। एक खारग्राम का उम्मीदवार था। खारग्राम से जादब दास ने मुझसे टिकट लिया था लेकिन 25 लाख रुपये लेकर वह भाग गया। मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। मेरी पार्टी का उम्मीदवार होने के बाद कोई 30 लाख पा रहा है, कोई 25 लाख पा रहा है, कोई 9 लाख पा रहा है तो यह तो अच्छी बात है।'
TMC पर बरसे हुमायूं कबीर
हुमायूं कबीर ने टीएमसी पर टिकट बेचने के आरोप लगाते हुए कहा, 'तृणमूल पार्टी टिकट बेच रही है। लालगोला में जो नेता तिहाड़ जेल में थे, उनके दामाद डॉ. अब्दुल अजीज से 10 करोड़ लेकर टीएमसी ने टिकट दिया। मेरे खिलाफ एक उम्मीदवार से ढाई करोड़ लिया। आज के दिन में यह ताज्जुब की बात है कि इनको AJUP के उम्मीदवार खरीदने पड़ रहे हैं। अभिषेक बनर्जी तुम खुद को क्या सोच रहे हो? तुम पैसा लेकर टिकट बेच रहे हो। मेरा टिकट लेने वाले को पैसा देक रोक दे रहे हो। इसका जवाब तुम्हें मिलेगा। 4 मई को तुम ऐसे हालत में पहुंच जाओगे कि 100 से नीचे सीट रहेगी।'
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में हर 4 महिला उम्मीदवार में 1 करोड़पति, बंगाल का क्या है आंकड़ा?
खुद को बीजेपी की बी टीम बताए जाने पर हुमायूं कबीर ने कहा, 'जो बोल रहा है, उसे बोलने दीजिए। 4 मई को जवाब मिलेगा। मैं किसी की बी या सी टीम नहीं हूं। मैं ए टीम का कैप्टन हूं। मुझे अपनी पार्टी का निर्णय लेने का हक है। 4 मई को जब रिजल्ट आएगा तो मेरे सारे विधायक मोतीझील पार्क में बैठे रहेंगे। उस दिन ममता बनर्जी मेरे पास आएंगे कि सुवेंदु आएंगे आप देख लेना।'
बता दें कि नई पार्टी बनाने वाले हुमायूं कबीर इस बार अपनी भरतपुर सीट छोड़कर नवदा और रेजिनगर विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। नवदा में उनका मुकाबला बीजेपी के राणा मंडल और टीमसी की साहिना मुमताज खान से है। वहीं, रेजिनगर में उनके सामने टीएमसी के अताउर रहमान और बीजेपी के बपन घोष हैं।
