बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। इस चरण में 1,314 उम्मीदवारों के लिए वोटर मतदान करेंगे। इस बीच दूसरे फेज में 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए पार्टियां जोर-शोर से प्रचार में जुट गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बिहार के अररिया जिले में प्रचार करने पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने जीरो काम किया है। पीएम मोदी ने 2005 से पहले के AIIMS, फ्लाइओवर, मेडिकल कॉलेज आदि का जिक्र करते हुए आरोप लगाए कि इन लोगों ने बिहार में काम नहीं करवाए।

 

पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव परिणाम आने दीजिए, कांग्रेस और RJD के लोग एक-दूसरे के बाल नोचने वाले हैं। उन्होंने कहा, 'कुछ दिनों पहले मैंने कांग्रेस और RJD के बीच चल रहे झगड़े की पोल खोल दी थी। पोल खुलने के बाद इनके बीच झगड़ा और बढ़ गया है। अभी हमने देखा कि कांग्रेस ने तो अब उप मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को ही RJD के खिलाफ मोर्चे पर उतार दिया है। वह मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं और वह इसमें RJD के जंगलराज की ही पोल खोल रहे हैं। वह कह रहे हैं कि जंगलराज में दलितों, महादलितों और अति पिछड़ों के साथ सबसे अधिक जुल्म हुआ है। अभी तो यह शुरुआत है, चुनाव परिणाम आने दीजिए, ये कांग्रेस और RJD के लोग एक-दूसरे के बाल नोंचने वाले हैं।'

 

यह भी पढ़ें- वोटिंग से पहले मैथिली ठाकुर ने ऐसा क्या किया कि मच गया बवाल?

पीएम ने कहा

पीएम मोदी ने अररिया में चुनाव प्रचार के दौरान वहां के लोगों को RJD के शासन काल की याद दिलाई। उन्होंने लालू परिवार का नाम लिए बिना 15 साल के 'जंगलराज' के बारे में बात की। उन्होंने कहा, 'जंगलराज के समय में राज्य की एक पीढ़ी को पीछे धकेल दिया गया। क्या आप जानते हैं कि जंगलराज के समय बिहार में कितने टूरिस्ट सर्किट विकसित हुए थे? जीरो, शून्य, निल बटे सन्नाटा। क्या आप जानते हैं कि बिहार में 15 साल के जंगल राज में मेरे नौजवानों और मेरी बेटियों के खेल-कूद के लिए कितने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स डेवेलप हुए? जीरो, शून्य, निल बटे सन्नाटा। एक भी नहीं।'

 

आगे उन्होंने कहा, 'क्या आप जानते हैं 15 साल के जंगलराज में कितने मेडिकल कॉलेज बने हैं, एक भी नहीं। उस समय बिहार मे एक भी IIIT, हीं IIM, न एक भी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई। नौजवान देखें कि पूरी एक पीढ़ी का भविष्य RJD के नेता कैसे खा गए। नीतीश जी ने बहुत मेहनत से बिहार को जंगलराज से निकाला है। 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार के विकास में तेजी आई है। पटना में IIT, AIIMS, बोधगया में IIM खुले हैं। दरभंगा AIIMS का काम भी तेजी से चल रहा है।'

 

यह भी पढ़ें- बिहार: प्रशांत किशोर को झटका, मुंगेर से JSP उम्मीदवार BJP में हुए शामिल

पीएम ने वोटर से की अपील

पीएम ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा,  'सुबह से ही मतदान केंद्र पर लंबी कतारें लगी हैं। माताएं, बहने और बेटियां पूरे उत्साह से मतदान कर रही हैं। नौजवान भी बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।' इसके पहले भी पीएम ने जंगलराज पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि जंगलराज का मतलब कट्टा, क्रूरता, भ्रष्टाचार और कुशासन। उस दौर ने बिहार को 15 साल तक पीछे धकेल दिया था।