अमेजन प्राइम पर 5 मार्च को फिल्म सूबेदार रिलीज हो गई है। इस फिल्म में अनिल कपूर रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर बने हैं, जो समाज के भ्रष्टाचार और समाज के माफिया और क्रिमिनल से टकराते हैं। इस फिल्म में अनिल कपूर का गुस्सा, दुख और एक्शन देखने को मिलेगा। 69 साल के अनिल कपूर ने फिल्म में दमदार एक्शन दिखाया है, जिसे देखकर कई फैंस ने अनिल कपूर की खूब तारीफ की है। इस फिल्म को देखने के बाद मानना पड़ेगा कि आज भी अनिल कपूर अच्छी एक्टिंग करते हैं। सूबेदार फिल्म में अनिल कपूर के अलावा राधिका मदान, आदित्य रावल, सौरभ शुक्ला और फैजल मलिक भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सूबेदार फिल्म के निर्देशक सुरेश त्रिवेणी हैं, जिन्होंने इस फिल्म से पहले कई फिल्मों का निर्देशन किया है। इस फिल्म में सभी ऐक्टर्स ने अपने किरदार को बेहतरीन तरीके से निभाया है लेकिन फिल्म की कहानी थोड़ी मात खा गई है। अनिल कपूर ने 69 साल की उम्र में भी एक पावरफुल आर्मी ऑफिसर का किरदार निभाया है जो कि अपने आप में बड़ी बात है। सूबेदार फिल्म में एक्शन, ड्रामा और थ्रिलर का मिश्रण है।
यह भी पढ़ें: 'सोशल मीडिया पर व्यूज के लिए'.. यूट्यूबर अनुराग डोभाल के भाई ने लगाया आरोप
क्या है फिल्म की कहानी?
इस फिल्म में पहले विलेन की कहानी दिखाई जाती हैा इस कहानी में एक महिला है जो रेत माफिया है। इस महिला का नाम बबली दीदी है, जो दो मर्डर करने के बाद जेल में रह रही है। जेल के अंदर से फोन कॉल के जरिए मध्य प्रदेश में दबंगई कराती है। बबली दीदी के गैंग में प्रिंस नाम का लड़का है जो उनके इशारे पर राज्य में बड़े-बड़े क्राइम को अंजाम देता है। दूसरी तरफ एक आर्मी ऑफिसर (अनिल कपूर) है, जिसका फिल्म में नाम अर्जुन मौर्य है। वह अपने रिटायरमेंट के बाद अपने घर मध्य प्रदेश के एक कस्बे में आते हैं। आगे फिल्म में दिखाया जाता है कि अर्जुन की एक बेटी श्यामा (राधिका मदान) है जो अभी तक अपनी मां की मौत के गम से उबर नहीं पाती है। अर्जुन की पत्नी की मौत एक कार एक्सीडेंट में हुई थी। फिल्म में अर्जुन का एक दोस्त भी है जिसका नाम प्रभाकर है।
अर्जुन और उसकी बेटी के बीच एक अजीब सी चुप्पी देखने को मिलती है। यह रिश्ते के बीच चुप्पी क्यों है, यह आपको फिल्म देखने पर ही समझ आएगा। यह फिल्म तब रोचक बन जाती है जब अर्जुन का आमना-सामना फिल्म के विलेन प्रिंस से होता है। अर्जुन और विलेन प्रिंस के बीच किस बात की दुश्मनी है, यह बात जानने के लिए आपको फिल्म देखनी चाहिए। इस फिल्म की कहानी थोड़ी स्लो है, लेकिन फिल्म ड्रामा और एक्शन से भरपूर है।
यह भी पढ़ें: ईरान का इजरायल से पंगा क्या है? 4 फिल्में जो बयां करती हैं हकीकत
किन्हें देखनी चाहिए फिल्म
इस फिल्म को उन लोगों को जरूर देखनी चाहिए जिन्हें एक्शन फिल्म पसंद है क्योंकि इस फिल्म में समय-समय पर हीरो और विलेन के बीच मारधाड़ देखने को मिलती है। इस फिल्म में फैमिली ड्रामा भी देखने को मिलेगा जैसे पत्नी के निधन के बाद हीरो और उनकी बेटी के रिश्ते के बीच एक अजीब सी खामोशी आ जाती है।
