बॉलीवुड की फिल्मों में बड़े-बड़े सुपरस्टार अपने से 20-30 साल कम उम्र की हीरोइनों के साथ काम करते नजर आ रहे हैं, लेकिन अब ऐसे हीरो-हीरोइन की जोड़ियां दर्शकों को पसंद नहीं आ रही हैं। इसकी वजह से कई सुपरस्टार्स की फिल्में हिट नहीं हो पा रही हैं। इसी मुद्दे ने अब तूल पकड़ लिया है।

 

आमिर खान के भांजे इमरान खान ने इस पर एक अहम टिप्पणी की है। एक इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा कि इंडस्ट्री के खान सुपरस्टार्स को अपनी उम्र के हिसाब से फिल्मों में किरदार निभाने चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही इंडस्ट्री में वापसी करने वाले हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'बॉलीवुड की 90 फीसदी शादियां फेक,' प्रतीक पाटिल को ऐसा क्यों लगता है?

खान की फिल्में क्यों नहीं हो पा रहीं हिट?

बॉलीवुड में तीनों खान का पिछले कई सालों से दबदबा रहा है। फिल्मों की कहानी चाहे जैसी भी हो, अगर उसमें खान सुपरस्टार हों तो फिल्म का हिट होना लगभग तय माना जाता था। हालांकि, अब इस पर बहस शुरू हो गई है। इमरान खान ने कहा कि अब इन सुपरस्टार्स को अपनी उम्र के अनुसार किरदार निभाने चाहिए, ताकि ऑडियंस उनसे रिलेट कर सके।

 

हालांकि इन फिल्मों की कमाई ठीक-ठाक हो रही है, लेकिन कई फिल्में फ्लॉप साबित हो रही हैं। कई दर्शकों को अब सलमान खान और शाहरुख खान की फिल्में पसंद नहीं आ रही हैं, क्योंकि लोग उनकी कहानियों से कनेक्ट नहीं कर पा रहे हैं। इसी मुद्दे पर बॉलीवुड गलियारों में यह बहस तेज हो गई है कि आखिर लोग अब सलमान और शाहरुख की फिल्मों से क्यों नहीं जुड़ पा रहे हैं?

इमरान खान ने क्या कहा?

बीते दिनों एक इंटरव्यू में इमरान खान ने कहा, 'आप एक उम्र के बाद लीड रोल नहीं निभा सकते। एक लीडिंग मैन के तौर पर एक्टर्स भी बूढ़े होते हैं। कुछ साल ऐसे होते हैं जब आप लीडिंग मैन के तौर पर काम कर सकते हैं, फिर एक उम्र आती है जब आप वह रोल नहीं कर पाते। तीनों खान अब 60 साल से ज्यादा के हो गए हैं। उन्हें 30 साल की स्टारडम मिली है, जिसकी बराबरी करना मुश्किल है। यह किसी भी एक्टर की जर्नी का स्वाभाविक हिस्सा है कि उम्र बढ़ने के साथ उनके किरदार भी बदलते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: क्या जिया शंकर के साथ होने वाली है सगाई? एल्विश यादव ने खुद बता दी सच्चाई

क्या बोले सलमान खान?

सलमान खान का अपने से कम उम्र की एक्ट्रेस के साथ काम करना कोई नई बात नहीं है। उनकी फिल्मों में अक्सर उनसे काफी कम उम्र की हीरोइनें नजर आती हैं। उदाहरण के तौर पर उनकी पिछली फिल्म सिकंदर में रश्मिका मंदाना थीं। इस जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विरोध हुआ, क्योंकि सलमान और रश्मिका के बीच करीब 31 साल का उम्र का अंतर है।

 

इस पर सलमान खान ने जवाब देते हुए कहा था, 'लोग कहते हैं कि हीरोइन और मेरे बीच 31 साल का अंतर है। अगर हीरोइन और उसके पिता को कोई दिक्कत नहीं है, तो आपको क्यों है?' हालांकि, सिकंदर फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर नहीं चल पाई, जिसके बाद लोगों ने अनुमान लगाया कि हीरो-हीरोइन की जोड़ी न जमने की वजह से फिल्म फ्लॉप हुई।

 

इसके अलावा सलमान खान ने दिशा पटानी के साथ राधे और भारत जैसी फिल्मों में काम किया, जहां दोनों के बीच 27–28 साल का अंतर था। राधे भी बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा पाई। कई नेटिज़न्स का कहना था कि सलमान और दिशा की जोड़ी कहानी के हिसाब से फिट नहीं बैठी। शाहरुख खान की 2018 में आई फिल्म ज़ीरो में उनके साथ कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा थीं, जो उम्र में उनसे काफी छोटी हैं। यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर हिट नहीं हो पाई थी।

इमरान खान करेंगे कमबैक

इमरान खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि वह फिल्मों में वापसी करने जा रहे हैं। इस साल की शुरुआत में उन्होंने अपने दोस्त वीर दास के निर्देशन में बनी फिल्म हैप्पी पटेल में कैमियो किया था। अब वह भूमि पेडनेकर के साथ फिल्म अधूरे हम अधूरे तुम में मुख्य अभिनेता के रूप में वापसी करने जा रहे हैं। यह फिल्म इसी साल नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।