धुरंधर फिल्म एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। लेकिन इस बार सुर्खियों में आने की वजह जरा हटकर है। सुर्खियों में आने की वजह यूट्यूबर कार्ल रॉक का एक दावा है। कार्ल रॉक का कहना है कि पाकिस्तान में धुरंधर फिल्म की पायरेटेड कॉपी बिक रही है। फिल्म की डीवीडी पाकिस्तान में 50 रुपये में बेची जा रही है, जो भारत के लगभग 16 रुपये के बराबर है। इस दावे के बाद सोशल मीडिया में खलबली मच गई है।
यह जानकारी कार्ल रॉक ने अपने वीडियो के जरिए शेयर की है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कराची के रेनबो सेंटर में धुरंधर फिल्म की डीवीडी सस्ते दामों में बेची जा रही है। इस दावे ने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है।
यह भी पढ़ें-उदित नारायण के खिलाफ उनकी पहली पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत, बढ़ सकती है मुश्किल
भारतीय फिल्में प्रतिबंधित
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कई सालों से राजनीतिक मतभेद और तनाव चल रहा है। इसी वजह से पाकिस्तान में भारतीय फिल्में रिलीज नहीं होती हैं। पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों पर प्रतिबंध है, लेकिन हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। पाकिस्तान के बाजारों में प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम धुरंधर बेची जा रही है। इसके साथ कार्ल रॉक ने यह भी दावा किया है कि सिर्फ धुरंधर फिल्म ही नहीं, बल्कि कई भारतीय फिल्मों की डीवीडी वहां सस्ते दामों में बेची जा रही है।
कार्ल रॉक का वीडियो
इस वीडियो में कार्ल रॉक कराची के बाजारों में घूमते नजर आ रहे हैं। उस दौरान कार्ल एक डीवीडी की दुकान के पास जाते हैं, जहां दुकान में धुरंधर फिल्म का पोस्टर वीडियो में साफ देखा जा सकता है। इसके बाद कार्ल दुकानदार से धुरंधर फिल्म की डीवीडी की कीमत पूछते हैं, जिस पर दुकानदार बताता है कि यह 50 रुपये की है।
यह भी पढ़ें -'भारत माता को आपने बेचा, आंखों में डर दिखता है...', सरकार पर बरसे राहुल गांधी
इसके साथ ही कार्ल रॉक ने धुरंधर फिल्म के अभिनेता रणवीर सिंह के बारे में एक विशेष जानकारी भी दी। कार्ल रॉक ने बताया कि रणवीर सिंह एक पारसी हैं, जिनके पूर्वज पाकिस्तान में रहते थे और भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के दौरान भारत आ गए थे।
धुरंधर फिल्म की कहानी
धुरंधर फिल्म पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर आधारित कहानी है। इस फिल्म में कराची के बदनाम इलाके ल्यारी के गैंगवार को केंद्र में रखा गया है। पाकिस्तान जैसे दृश्य दिखाने के मकसद से फिल्म की शूटिंग पंजाब के लुधियाना (खेड़ा गांव) में की गई थी। इस फिल्म में रणवीर सिंह (हम्जा), अक्षय खन्ना (रहमान डकैत), आर. माधवन (अजय सान्याल), संजय दत्त (पुलिस अधिकारी) और अर्जुन रामपाल (आईएसआई एजेंट) प्रमुख भूमिकाएं निभा रहे हैं।
