पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ 15 नवंबर को इंदौर में लाइव कॉन्सर्ट करने वाले हैं। इस कॉन्सर्ट को लेकर जिला बाल संरक्षण अधिककार ने कुछ नियमों को लागू किया है। इस कॉन्सर्ट में दिलजीत के 4 हिट गाने पर रोक लगा दी गई है जिसमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम' और 'जट्ट फायर करदा' शामिल हैं। यह कदम चंडीगढ़ के एक्टिविस्ट डॉक्टर पंडितराव धरेनावर की शिकायत के बाद उठाया गया है।

 

उन्होंने उन गानों पर आपत्ति जताई थी जो शराब के सेवन, नशीले पदार्थों के इस्तेमाल और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। प्रोफेसर पंडितराव ने बताया कि उन्होंने 1 नवंबर को पत्र भेजा था और कल उन्हें इसका जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि वह नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करने के लिए पूरे जोश के साथ काम कर रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: कौन हैं अजाई और इवार जिन्होंने 'मातृभूमि' में निभाया सलमान के बेटों का किरदार?

प्रोफेसर पंडितराव ने प्रशासन का जताया आभार

उन्होंने कहा, 'ऐसे समय में जब प्रशासन नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म करने के लिए इतनी कड़ी मेहनत कर रहा है, तो हमारे कलाकारों का समर्थन दिखाना बहुत जरूरी है। वे ऐसे गाने नहीं गा सकते जो इन चीजों को बढ़ावा देते हों। हाई कोर्ट ने निर्देश दिया है कि किसी भी गाने में यहां तक कि लाइव शो में भी शराब या नशीले पदार्थों और हिंसा का महिमामंडन करने वाले गाने न बजाए जाएं। इसलिए, बेहतर होगा कि वे इन निर्देशों का पालन करें। मैं प्रशासन का आभारी हूं कि उन्होंने इस पर तुरंत कार्रवाई की।'

बच्चों की सेहत को लेकर जताई चिंता

प्रोफेसर पंडितराव ने अपनी शिकायत में बच्चों के कॉन्सर्ट में शामिल होने पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि 120 डेसिबल से ज्यादा का तेज संगीत, स्टेज की चमकती लाइट्स बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं जिसकी वजह से उनकी सेहत पर असर पड़ सकता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्हें स्टेज पर नहीं बुलाना चाहिए और 5 साल से छोटे बच्चों को कॉन्सर्ट में आने की परमिशन नहीं होनी चाहिए।

 

यह भी पढ़ें: हिंदी सिनेमा में कब बनी थी रामायण पर पहली फिल्म? एक ही कलाकार बना था राम और सीता

प्रशासन ने क्या कहा?

प्रशासन ने अपने नोटिस में मैनेजमेंट से साफ कहा कि शराब, हथियारों से जुड़े गानों को परफॉर्मेंस से हटा दिया जाए। लाइव कॉन्सर्ट के दौरान नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए। इस आदेश की कॉपी इंदौर के जिला मेजिस्ट्रेट और पुलिस कमिश्नर को भेज दी गई है। इंदौर से पहले दिलजीत ने दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में लाइव कॉन्सर्ट किया था।