जाह्नन्वी और जूनियर NTR पर फिल्माया गया 'देवरा: पार्ट 1' का एक गाना 'चुट्टामल्ले' एक बार फिर से वायरल हो रहा है। गाना असली नहीं है बल्कि AI से बनाया गया है। इस फर्जी वीडियो में जान्हवी कपूर और जूनियर एनटीआर के सीन को AI से बदलकर आपत्तिजनक रूप से दिखाया गया है, जो मूल गाने का हिस्सा नहीं था। गाना 2024 में रिलीज हुआ था और अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया था।

3 अक्टूबर को जूनियर एनटीआर ने एक्स पर नाराजगी जताई। उन्होंने इस काम को घिनौना, शर्मनाक और निंदनीय बताया और कहा कि जो लोग यह वीडियो बना रहे हैं या फैला रहे हैं, उन्हें नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई करने की बात कही और लोगों से अपील की कि ऐसे वीडियो न देखें, न शेयर करें। साथ ही उन्होंने एआई के दुरुपयोग पर सख्त नियम बनाने की मांग भी की।

उसी दिन विजय देवरकोंडा ने भी जूनियर एनटीआर का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि दूसरों के लिए मिसाल बने। उन्होंने ऐसे वीडियो को डिजिटल स्तर पर गंभीर अपराध बताया और कहा कि कानून को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। जान्हवी कपूर ने भी ऐसे फर्जी वीडियो के प्रसार पर आपत्ति जताई है।

 

 

यह भी पढ़ें: पैसा वसूल या उम्मीदों पर पानी, 'दृश्यम 3' पर क्या कह रहे लोग?

विजय ने मॉर्फ्ड वीडियो का किया विरोध

इस वीडियो को लेकर विजय ने आपत्ति जताई और अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जाहिर किया, जहां उन्होंने कहा, 'हम बिल्कुल घटिया स्तर पर गिर गए हैं। जो भी इसके लिए जिम्मेदार है, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्हें सबसे कड़ी कानूनी सजा मिलनी चाहिए और उनके मामले को एक मिसाल के तौर पर पेश किया जाना चाहिए। हमें इसे ऐसे ही नहीं छोड़ना चाहिए।'

इसके बाद विजय ने लिखा, 'हम एक-दूसरे के प्रति इतने असंवेदनशील कब हो गए? कैसी परवरिश हो रही है? हम कैसे समाज में रह रहे हैं? जहां हमें एक-दूसरे को नीचा दिखाने में मजा आता है? ऐसे समय में जब दुनिया इस बात पर बहस कर रही है और डर रही है कि AI कैसे लोगों की आजीविका और नौकरियों को खत्म कर सकता है, ये बेवकूफ उसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बकवास हरकतें करने के लिए कर रहे हैं। यह डिजिटल रूप में यौन उत्पीड़न के बराबर है। कानून को ऐसे कामों को बहुत गंभीरता से लेना चाहिए।'

 

यह भी पढ़ें: बाली में नुसरत भरूचा का हुआ एक्सीडेंट, रीढ़ की हड्डी में लगी चोट, हुआ फ्रैक्चर

क्या बोले जूनियर एनटीआर?

जूनियर एनटीआर ने एक्स पर लिखा, 'घिनौना, घिनौना और बेशर्म। हम एक ऐसे देश में हैं, जहां महिलाओं को मां और देवी के रूप में पूजा जाता है, जहां 'मातृदेवो भव' केवल एक मुहावरा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है। कुछ लोग इतनी नीच हरकतें कर बैठे हैं कि वे AI का इस्तेमाल करके एक महिला का अपमान कर रहे हैं, जो शर्मनाक है।'

उन्होंने आगे कहा, 'इस मॉर्फ्ड चुट्टामल्ले वीडियो के पीछे के सभी बदमाशों को मैं नहीं छोड़ूंगा। इसे बनाने वालों और इसे फैलाने वालों के खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगा।'