पोलो शर्ट इन दिनों एक बार फिर फैशन में दिखाई दे रही है। 2026 के फैशन ट्रेंड में इसे अलग-अलग तरीकों से पहना और स्टाइल किया जा रहा है। फैशन वेबसाइट हू वॉट वियर ने भी इस साल पोलो निट्स को बड़े ट्रेंड में शामिल किया है। आज इसे सिर्फ खेलों से जोड़कर नहीं देखा जाता बल्कि लोग इसे रोज के कपड़ों में भी पहन रहे हैं। कभी इसे जींस के साथ पहना जाता है तो कभी स्कर्ट या शॉर्ट्स के साथ लेकिन क्या आपने कभी इसके कॉलर पर लगे छोटे-छोटे बटनों पर ध्यान दिया है? इन बटनों के पीछे भी कपड़ों और खेल से जुड़ी एक पुरानी कहानी है।
पोलो शर्ट की कहानी भी काफी दिलचस्प है। इसका रिश्ता सिर्फ पोलो खेल से नहीं बल्कि टेनिस से भी जुड़ा है। 1920 के दशक में फ्रांस के मशहूर टेनिस खिलाड़ी रेने लाकोस्ते ने टेनिस खेलने के लिए ऐसी शर्ट तैयार की जिसमें खेलते समय ज्यादा आसानी हो। उस समय टेनिस खिलाड़ी आमतौर पर लंबी आस्तीन वाली शर्ट पहनते थे। लाकोस्ते ने छोटी आस्तीन और हल्के कपड़े वाली शर्ट को अपनाया जिससे हाथ चलाने में आसानी हो। 1933 में उन्होंने आंद्रे जिलिए के साथ मिलकर लाकोस्ते कंपनी शुरू की और यही शर्ट आगे चलकर पोलो शर्ट के रूप में काफी मशहूर हुई।
यह भी पढ़ें: AI बदल रहा Fashion Photoshoot का तरीका, अब कैसे तैयार हो रहे हैं नए कैंपेन?
कॉलर पर ये छोटे बटन क्यों लगाए गए?
अब बात उस छोटे से बटन की जिस पर शायद ही किसी का ध्यान जाता है। पोलो खिलाड़ियों की शर्ट के कॉलर पर बटन लगाने के पीछे एक सीधी वजह थी। पुराने समय में पोलो खिलाड़ी तेज रफ्तार से घोड़े पर बैठकर खेलते थे। उनकी शर्ट का कॉलर काफी बड़ा और खुला हुआ होता था। खेल के दौरान जब घोड़ा तेज दौड़ता था तो हवा के कारण कॉलर ऊपर उड़कर खिलाड़ियों के चेहरे और आंखों के सामने आ जाता था। इससे उन्हें बॉल देखने और ठीक से खेलने में परेशानी होती थी।
इसी परेशानी से बचने के लिए खिलाड़ियों ने कॉलर के दोनों सिरों को शर्ट से छोटे बटनों की मदद से जोड़ना शुरू किया। इससे कॉलर नीचे अपनी जगह पर टिका रहता था और हवा में उड़कर चेहरे के सामने नहीं आता था। उस समय इन बटनों का मकसद फैशन नहीं बल्कि खेलते समय खिलाड़ियों को परेशानी से बचाना था।
यह भी पढ़ें: Polka Dots से लेकर Boots तक, पुराने फैशन को नए अंदाज में अपना रहे Gen Z
ब्रूक्स ब्रदर्स के मुताबिक, 1896 में जॉन ई. ब्रूक्स ने इंग्लैंड में एक पोलो मैच देखा था। वहां उन्होंने खिलाड़ियों की शर्ट के कॉलर को इसी तरह बटनों से नीचे लगा हुआ देखा। उन्हें यह तरीका पसंद आया। इसके बाद उन्होंने इस तरीके को अपनी कंपनी ब्रूक्स ब्रदर्स की शर्ट में इस्तेमाल किया। बाद में बटन वाले कॉलर की शर्ट लोगों के बीच भी पसंद की जाने लगी। इस तरह कॉलर का यह छोटा सा बटन शुरू में किसी फैशन के लिए नहीं बल्कि खिलाड़ियों की एक परेशानी को दूर करने के लिए इस्तेमाल किया गया था। बाद में यही तरीका कपड़ों की एक पहचान बन गया। ब्रूक्स ब्रदर्स के मुताबिक, उसका यह बटन डाउन ऑक्सफ़ोर्ड शर्ट बाद में फैशन की दुनिया में सबसे ज्यादा कॉपी किए जाने वाले कपड़ों में से एक बन गया।
