रूस ने यूक्रेन पर अपनी बमबारी की रफ्तार बढ़ा दी है। गुरुवार को यूक्रेन के क्रामाटोर्स्क शहर में दो बसों पर रूसी ग्लाइड बम हमले में 30 नागरिकों की जान गई है। करीब 18 अन्य लोग घायल हैं। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। रूस ने पिछले 24 घंटे में यूक्रेन के 10 जगहों पर भीषण तबाही मचाई है। संयुक्त राष्ट्र संघ के मुताबिक 2022 से अब तक रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग में 17000 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। 

 

सोशल मीडिया पर हमले के बाद घटनास्थल के कई फोटो और वीडियो वायरल हैं। इसमें सड़कों पर लोगों की लाशें पड़ी हैं। बस आग से पूरी तरह जल चुकी है। यूक्रेन ने रूस पर जानबूझकर युद्ध में आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बदला लेने की बात कही। हालांकि अभी तक यूक्रेन के आरोपों पर रूस की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

यह भी पढ़ें: 'आतंक का राक्षस अब खुद उसे खा रहा..', UN में भारत ने पाकिस्तान को सुनाया

दो बसों पर गिरे रूसी बम: जेलेंस्की

यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, 'डॉक्टर क्रामाटोर्स्क पर हुए रूसी हमले में घायलों की जान बचाने के प्रयास में जुटे हैं। अभी तक 30 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। दुख की बात है कि यह संख्या बढ़ सकती है। रूसी बम दो मिनी बसों पर गिरे। मारे गए कुछ लोगों की पहचान अभी नहीं हो पाई है, क्योंकि शव क्षत-विक्षत हो गए हैं।'

 

 

'हमले का जवाब जरूर मिलेगा'

जेलेंस्की ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा। यह भी बताया कि हमले में 18 अन्य लोग घायल हुए। रिहायशी इमारतों और कारों को भी नुकसान पहुंचा।

 

यह भी पढ़ें: भारत के पड़ोस तक जंग फैलने का खतरा, किस दलदल में फंस रहा पाकिस्तान?

 

उन्होंने आरोप लगाया कि रूस डोनबास में हर तरह से जिंदगी को खत्म करने का प्रयास कर रहा है और कहा कि दुनिया की तरफ से एक कड़ा जवाब मिलना जरूरी है। ठीक वैसा ही जिसके रूसी हकदार हैं, क्योंकि उन्होंने इतनी जानें ली हैं।

पांच मंजिला इमारत पर हमला, 22 की मौत

रूस ने बुधवार तड़के ही कीव के पूर्व में स्थित प्रिलुकी में एक पांच मंजिला इमारत को निशाना बनाया। हमले में पांच बच्चों समेत 22 लोगों की जान गई। पूरी इमारत नष्ट हो गई है। जेलेंस्की ने एक सोशल मीडिया पोस्ट पर बताया कि प्रिलुकी में पांच मंजिला अपार्टमेंट बिल्डिंग पर रूसी मिसाइल हमले के बाद खोज और बचाव अभियान अब पूरा हो गया है। मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। इनमें से पांच बच्चे थे। सात बच्चों समेत 54 लोग घायल हुए हैं। 15 लोगों को बचाया गया है।