अमेरिका के टेक्सास में एक छोटा विमान हादसे का शिकार हो गया। इसमें सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई। घटना गुरुवार की रात की है। फेडरेशन एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक सेसना 421सी विमान रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के वक्त विमान पर पांच लोग सवार थे।
उधर, 'हेज काउंटी' के जज रुबेन बेसेरा ने फेसबुक पोस्ट में बताया कि गुरुवार की रात यह विमान हादसा ऑस्टिन के दक्षिण पश्चिम में लगभग 64 किलोमीटर दूर विम्बरली शहर में हुआ।
यह भी पढ़ें: 'मेरे साथ नहीं सोए तो बर्बाद कर दूंगी...', अब JP मॉर्गन की अधिकारी पर लगे आरोप
यह शहर ब्लैंको नदी के किनारे बसा है और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। करीब तीन हजार लोग यहां रहते हैं। शहर के मेयर का कहना है कि अभी तक दुर्घटना की वजह का पता नहीं चला है।
अधिकारियों के मुताबिक हादसे के वक्त विमान बेहद तेज स्पीड में था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह छोटा विमान अमरिलो से न्यू ब्रौनफेल्स जा रहा था। सभी मृतक वयस्क थे। इस बीच राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार विमान हादसा शहर के दक्षिण-पश्चिम इलाके में स्थित एक जंगल में हुआ है।
यह भी पढ़ें: अबकी ईरान पर कैसा हमला करेगा अमेरिका? ट्रंप की सेना ने बनाया घातक प्लान
सेसना 421 विमान के बारे में जानें
हादसाग्रस्त विमान की पहचान सेसना 421 के रूप में हुई है। यह दो इंजन वाला विमान है। दुनिया इसे गोल्डन ईगल के नाम से भी जानती है। सेसना फ्लायर एसोशिएशन के मुताबिक 1976 में विमान का सी संस्करण दुनिया के सामने आया। इसमें आठ लोग बैठ सकते हैं। 1967 से 1985 तक सेसना विमानों का उत्पादन किया गया। यह विमान 30 हजार फुट तक ऊंचाई पर उड़ सकता है। वहीं 206 गैलन ईंधन की क्षमता है।
