ईरान और ब्रिटेन के बीच रिश्ते तेजी से बिगड़ते दिख रहे हैं। पिछले संघर्ष में तेहरान ने खाड़ी देशों पर भीषण हमलों को अंजाम दिया। अबकी उसकी निगाह ब्रिटेन समेत पूरे यूरोप पर है। ईरान की रणनीति यूरोप पर हमला करके अमेरिका पर अधिक से अधिक दबाव डालने की है, जबिक पिछले संघर्ष में यूरोप काफी हद तक तटस्थ रहा है। तेहरान का तर्क है कि जो भी देश अमेरिकी सेना को शरण देगा, वह वैध रूप से उसका निशाना होगा। यही कारण है कि ब्रिटेन उसकी हिट लिस्ट में है। पिछले कुछ दिनों से कई घटनाक्रमों ने दोनों देशों के बीच तनाव को बढ़ा दिया है।
ईरान ने हाल ही में ब्रिटेन की रॉयल नेवी, रॉयल एयर फोर्स और सीक्रेट इंटेलिजेंस सर्विस (MI6) को आतंकवादी और दुश्मन संगठन घोषित किया। इससे पहले 13 जुलाई 2026 को ब्रिटेन ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) को आतंकी संगठन घोषित किया था। ईरान के विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन पर तेहरान विरोधी नीतियां अपनाने और उसके खिलाफ काम करने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: क्या होता है डर्टी बम? जिससे डोनाल्ड ट्रंप सहमे; वाशिंगटन में खौफ
एयरबेस पर आतंकी साजिश नाकाम
इसी साल सितंबर में इंग्लैंड के ग्लॉस्टरशायर स्थित आरएएफ फेयरफोर्ड एयरबेस में आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। अमेरिकी और ब्रिटिश अधिकारियों ने ईरान की आईआरजीसी पर साजिश रचने का आरोप लगाया। ईरान के साथ संघर्ष में अमेरिका ने इस एयरबेस का इस्तेमाल किया था। जांच के बाद पुलिस ने पांच ब्रिटिश नागरिकों को पकड़ा।
दो के खिलाफ आरोप तय किए गए। आतंकी साजिश नाकाम होने पर अमेरिका ने इस एयरबेस से अपने बॉम्बर्स हटा लिए थे। यूके के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने भी 12 अक्टूबर को अपनी संसद को बताया कि ब्रिटिश अधिकारियों का मानना है कि आईआरजीसी ने इसे निर्देशित किया था। इसके अलावा पूर्वी इंग्लैंड के आरएएफ मिल्डेनहॉल एयरबेस से करीब एक दर्जन अमेरिकी मिलिट्री लड़ाकू विमानों को ईरान की संदिग्ध ड्रोन साजिश के बाद हटाना पड़ा। इन तमाम घटनाक्रमों ने ब्रिटेन और ईरान के बीच तनाव बढ़ा दिया है।
जवाबी कार्रवाई तक पहुंची बात
लंदन में मुस्तफा सेपाहवंद (41) और फरहाद जावादी मानेश (46) को यहूदी समुदाय और पत्रकारों के निशाना बनाने के आरोप में पकड़ा गया। 12 नवंबर को लंदन के वूलविच क्राउन कोर्ट ने दोनों को एक विदेशी खुफिया एजेंसी की मदद करने का दोषी पाया। अदालत को दी गई जानकारी के मुताबिक ईरान की खुफिया एजेंसी ने दोनों को हायर किया था। इनको ईरान इंटरनेशनल के पत्रकार मोजतबा पूरमोहसेन और कांबिज हुसैनी के अलावा ब्रिटिश वकील जोनाथन टर्नर की निगरानी करने और निशाना बनाने का काम सौंपा गया था। यूके की सरकार ने इस साजिश को बेहद गंभीरता से लिया। मंगलवार को पीएम एंडी बर्नहैम ने कहा कि पत्रकारों, ब्रिटेन में हमारे यहूदी समुदाय और एयरबेस पर ईरान प्रायोजित हमलों का जवाब दिया जाएगा।
ईरान की निगाह पर चढ़ा यह एयरबेस
ईरान की निगाह सबसे अधिक RAF फेयरफोर्ड एयरबेस पर टेड़ी है। दरअसल, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ हमले में इस बेस का इस्तेमाल किया था। आशंका जताई जा रही है कि अगले संघर्ष में यह एयरबेस तेहरान के निशाने पर हो सकता है। इसकी वजह यह है कि ईरान की सरकारी टीवी ने भी इसे संभावित टारगेट के तौर पर पेश किया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि ईरान की मिसाइल रेंज 2000 किमी है। ऐसे में यूरोप तक उसकी सेना कैसे जंग लड़ेगी? इसका जवाब भी ईरान से ही मिलता है।
K-4 मिसाइल पर तेहरान को भरोसा
साल 2023 में ईरान ने खोर्रमशहर-4 मिसाइल लॉन्च की थी। इसकी रेंज 2000 किमी है। यह मिसाइल अपने साथ 1500 किलोग्राम तक विस्फोटक ले जा सकती है। अपनी रिपोर्ट में ईरानी टीवी ने कहा, 'ईरान की मिसाइलों की रेंज वह नहीं है, जो उन्होंने देखा है।' दावा किया कि मिसाइल को मॉडिफाई करके इसकी रेंज बढ़ाई जा सकती है।
कैसे बढ़ेगी रेंज?
ईरान ने अपनी मिसाइलों पर 2000 किमी की लिमिट लगा रखी है। 31 अक्टूबर को सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के निर्देश के बाद आईआरजीसी ने यह सीमा खत्म कर दी। मतलब अब ईरान लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकेगा।
यह भी पढ़ें: परमाणु ठिकानों पर हमले के बाद ईरान के यूरेनियम का क्या हुआ?
ईरान की सरकारी टीवी का दावा है कि अगर खोर्रमशहर-4 मिसाइल (K-4) के वारहेड का वजन कम कर दिया जाए तो मिसाइल की रेंज अपने आप कई गुना तक बढ़ जाएगी। मगर अभी तक इस बात के सबूत नहीं है कि ईरान की मिसाइलें ब्रिटेन तक पहुंच पाएंगी या नहीं। ईरान से ब्रिटेन की दूरी लगभग 4,789 से 5,053 किलोमीटर है।
धमकी के पीछे वजह क्या है?
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी मोहसेन रेजाई ने भी यूरोप तक हमले की चेतावनी दी। रेजाई का कहना है कि अगर अमेरिका दोबारा हमला करता है तो यूरोप में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को तेहरान निशाना बनाएगा।
रेजाई के इस बयान से संकेत मिलते हैं कि ईरान के पास यूरोप तक मार करने वाली मिसाइल या ड्रोन आ चुके हैं। तभी ईरान खुलकर यूरोपीय देशों को धमकाने में जुटा है। सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के आदेश से भी इस आशंका को और बल मिलता है। खामेनेई ने भौगोलिक सीमा से परे जाकर अमेरिकी और इजरायली हमलों का जवाब देने का आदेश दिया।
